![]()
हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए डिस्ट्रिक मोड़ चौक जाम कर दिया। मृतका की पहचान चरही निवासी संगीता के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, उन्हें प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। इंजेक्शन लगने पर तबीयत बिगड़ी: परिजन परिजनों ने बताया कि प्रसव के बाद संगीता ने पेट में जलन की शिकायत की थी। इसके बाद अस्पताल में उन्हें इंजेक्शन दिया गया। परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रसव के बाद उनकी हालत क्यों बिगड़ी और इंजेक्शन किस वजह से दिया गया। विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री को जिम्मेदार ठहराया सूचना मिलने पर हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह और पुलिस अधिकारी जाम स्थल पर पहुंचे। प्रदीप प्रसाद ने परिजनों से बात की और न्याय व मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाए और इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मुन्ना सिंह ने भी अस्पताल की व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वह स्वास्थ्य मंत्री और पार्टी के आलाकमान से बात कर एक टीम बनवाने और अस्पताल की व्यवस्था सुधारने की पहल करेंगे। उन्होंने अंचल अधिकारी से बात कर मृतका के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग भी की। सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह ने परिजनों से बात कर जाम हटाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि परिजन लिखित आवेदन देते हैं और लापरवाही से मौत का आरोप लगाते हैं, तो पुलिस जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
Source link