Last Updated:
जहां कभी एलटीटीई की तूती बोलती थी और किसी भी देश की सेना वहां घुसने में डरती थी, अब वहां बीएसएफ तिरंगा फहराने जा रही है. इस मिशन को बखूबी अंजाम देने के लिए बीएसएफ के स्पेशल कमांडोज की खास ट्रेनिंग भी शुरू कर दी गई है. यह कमांडोज की यह ट्रेनिंग सिर्फ बीएसएफ के ट्रेनिंग सेंटर तक सीमित नहीं है, बल्कि जिस फोर्स के पास जिस मामले में स्पेशलाइजेशन है, उससे उनको ट्रेंड किया जा रहा है.
बीएसएफ के कमांडोज की स्पेशल ट्रेनिंग इन दिनों अलग-अलग फोर्सेस में की जा रही है.
BSF Commandos Special Deployment: एक ऐसा देश, जहां कभी एलटीटीई की तूती इस कदर बोलती थी कि उस देश की सेना तो छोड़िए, बल्कि किसी भी देश की सेना उसने सीधा सामने करने से बचती नजर आती थी. अब बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) के स्पेशल कमांडोज उसी देश में तिरंगा फहराने जा रही है. दरअसल, बीएसएफ की स्पेशल कमांडोज की तैनाती इस देश में अपनों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है. तैनाती से पहले बीएसएफ के स्पेशल कमांडोज को स्पेशल ट्रेनिंग भी दी जा रही है.
आपको बता दें कि बीएसएफ के इन कमांडोज की ट्रेनिंग सिर्फ उनके अपने ट्रेनिंग सेंटर तक सीमित नहीं है. बल्कि, भारत की जिस फोर्स के पास जो भी स्पेशलाइजेशन है, उन्हें उन खूबियों में माहिर बनाया जा रहा है. इस कड़ी में बीएसएफ के इन कमांडोज की प्री-इंडक्शन ट्रेनिंग केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में पूरी हुई है. यह ट्रेनिंग छावला स्थित बीएसएफ की 25वींव बटालियन में 28 सितंबर 2026 को शुरू हुई थी. 28 दिनों की इस ट्रेनिंग में बीएसएफ के कमांडोज को वीवीआईपी सिक्योरिटी और एक्सेस कंट्रोल सिक्योरिटी की बारीकियों में माहिर बनाया गया.
छावला तक सीमित नहीं बीएसएफ कमांडोज की ट्रेनिंग
बीएसएफ के सीनियर ऑफिसर के अनुसार, विदेश में अपनों की सुरक्षा संभालने जा रहे बीएसएफ के स्पेशल कमांडोज की ट्रेनिंग सिर्फ छालवा ट्रेनिंग सेंटर तक सीमित नहीं है. बल्कि, उन्हें वीवीआईपी सिक्योरिटी, एक्सेस कंट्रोल सिक्योरिटी, प्रोफाइलिंग और एडवांस इलेक्ट्रॉनिक सिक्योरिटी इक्यूपमेंट की बारीकियों से जुड़ी ट्रेनिंग स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप (एसएसजी) नोएडा और एविएशन सिक्योरिटी ग्रुप (एएसजी) में भी पूरी की गई है. इन ट्रेनिंग के दौरान उन सभी पहलुओं को लेकर बीएसएफ कमांडोज को ट्रेंड किया गया है, जिसका सामना उन्हें विदेश में अपनों की सुरक्षा के दौरान करना पड़ सकता है.
किस देश में हो रही है बीएसएफ कमांडोज की तैनाती
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर बीएसएफ के स्पेशल कमांडोज की तैनाती किस देश में की जा रही है और इस तैनाती के पीछे का मकसद क्या है. तो इस सवाल का जवाब है कि बीएसएफ के इन स्पेशल कमांडोज की तैनाती श्रीलंका में होने जा रही है. बीएसएफ के स्पेशल कमांडोज की तैनाती कोलंबो स्थिति हाई कमीशन ऑफ इंडिया (एचसीआई) और जाफना स्थित कॉन्सुलेट जनरल ऑफ इंडिया (सीजीआई) में की जा रही है. यहां पर तैनाती के बाद दोनों भारतीय प्रतिष्ठानों और उनमें मौजूद सभी भारतीयों के सुरक्षा की जिम्मेदारी पूरी तरह से बीएसएफ के इन स्पेशल कमांडोज के कंधों में होगी. ये कमांडोज अपनी ड्यूटी को पूरी बेहतर तरीके से पूरी कर सकें, इसके लिए उन्हें यह स्पेशल ट्रेनिंग दी जा रही है.