कोडरमा. बदलते समय के साथ लोगों के घरों को सजाने और सुविधाजनक बनाने का तरीका भी तेजी से बदल रहा है. पहले जहां घरों में लकड़ी के फर्नीचर को प्राथमिकता दी जाती थी, वहीं अब बाजार में आकर्षक डिजाइन और किफायती कीमतों में उपलब्ध फाइबर फर्नीचर लोगों की पसंद बनता जा रहा है. लकड़ी के फर्नीचर की बढ़ती कीमतों के बीच फाइबर फर्नीचर एक बेहतर विकल्प बनकर उभरा है. खास बात यह है कि अब शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है. ऐसे में अगर आप कम निवेश में अपना रोजगार शुरू करने की योजना बना रहे हैं तो फाइबर फर्नीचर का कारोबार आपके लिए एक अच्छा विकल्प साबित हो सकता है.
20 हजार के निवेश में शुरू कर सकते हैं कारोबार
झुमरी तिलैया शहर के पानी टंकी रोड स्थित शिवा फर्नीचर के संचालक शुभम कंदवे ने विशेष बातचीत में बताया कि फाइबर फर्नीचर का कारोबार शुरू करने के लिए बहुत अधिक पूंजी की जरूरत नहीं है. कोई भी व्यक्ति मात्र 20 हजार रुपये के शुरुआती निवेश के साथ इस कारोबार की शुरुआत कर सकता है. उनके यहां नए कारोबारियों को शुरुआती निवेश में ही फर्नीचर के कई प्रकार के आइटम उपलब्ध कराए जा सकते हैं, जिनकी मदद से वे अपने स्तर पर कारोबार शुरू कर सकते हैं.
कम निवेश में कारोबार शुरू करने का मौका
शुभम कंदवे ने बताया कि आज के समय में हर व्यक्ति अपने घर को सुंदर और सुविधाजनक बनाना चाहता है. इसके लिए लोग ऐसे फर्नीचर की तलाश करते हैं, जो देखने में आकर्षक होने के साथ-साथ टिकाऊ और बजट के अनुकूल भी हो. फाइबर फर्नीचर इन सभी जरूरतों को पूरा करता है. यही वजह है कि इसकी मांग लगातार बढ़ रही है. नए कारोबारी कम पूंजी में इसकी विभिन्न वैरायटी रखकर अपने व्यवसाय की शुरुआत कर सकते हैं.
इस कारोबार की एक खास बात यह भी है कि फर्नीचर के सामान की कोई एक्सपायरी डेट नहीं होती और सही तरीके से रखरखाव करने पर लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे कारोबारियों को स्टॉक खराब होने की चिंता भी अपेक्षाकृत कम रहती है. हालांकि आपको मेंटिनेंस ठीक से देखना होता है.
डाइनिंग टेबल से लेकर कुर्सी और सेंटर टेबल तक की रेंज
उन्होंने बताया कि फाइबर फर्नीचर में ग्राहकों की जरूरत के अनुसार कई प्रकार के उत्पाद उपलब्ध हैं. इनमें फाइबर डाइनिंग टेबल, सेंटर टेबल, फाइबर चेयर, टूल और घरेलू उपयोग में आने वाले कई छोटे-बड़े आइटम शामिल हैं. आकर्षक डिजाइन और अलग-अलग रंगों में उपलब्ध होने के कारण ग्राहक अपनी पसंद और घर की सजावट के अनुसार इनका चयन कर सकते हैं. खासकर छोटे घरों और सामान्य परिवारों के लिए ये फर्नीचर उपयोगी साबित हो रहे हैं.
लगन के सीजन में कारोबार बढ़ाने का अच्छा अवसर
शुभम कंदवे ने बताया कि वर्तमान समय में लगन का सीजन भी फर्नीचर कारोबार के लिए अच्छा अवसर लेकर आता है. शादी-विवाह के दौरान लोग नए घरों और घरेलू जरूरतों के लिए फर्नीचर की खरीदारी करते हैं. ऐसे में जो लोग पहले से फाइबर फर्नीचर का कारोबार कर रहे हैं, वे अपने व्यवसाय को अपग्रेड कर ड्रेसिंग टेबल, डाइनिंग सेट और अलमीरा जैसी वस्तुओं की रेंज भी शामिल कर सकते हैं. इससे ग्राहकों को एक ही जगह पर कई विकल्प मिलेंगे और कारोबार का दायरा भी बढ़ाया जा सकता है.
30 से 40 प्रतिशत तक मुनाफे की संभावना
उन्होंने बताया कि फाइबर फर्नीचर के कारोबार में कारोबारी को लगभग 30 से 40 प्रतिशत तक मुनाफा कमाने का अवसर मिलता है. कम निवेश में शुरुआत करने की सुविधा के कारण छोटे दुकानदार और ग्रामीण क्षेत्र के युवा भी इस व्यवसाय से जुड़ सकते हैं. शुरुआत में सीमित वैरायटी रखकर बाजार की मांग समझी जा सकती है और ग्राहकों की संख्या बढ़ने के साथ सामान का स्टॉक भी बढ़ाया जा सकता है.
वाटरप्रूफ होने के साथ सभी मौसम में उपयोगी
उन्होंने बताया कि फाइबर फर्नीचर की सबसे बड़ी खासियत इसकी मजबूती और पानी से सुरक्षित रहने की क्षमता है. लकड़ी के फर्नीचर की तुलना में फाइबर के कई उत्पाद वाटरप्रूफ होते हैं और सामान्य घरेलू उपयोग में लंबे समय तक टिकते हैं. गर्मी, बरसात और ठंड जैसे सभी मौसमों में इनका इस्तेमाल किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि बाजार में कई कंपनियों की फाइबर कुर्सियां एक साल से लेकर पांच साल तक की गारंटी के साथ उपलब्ध हैं. निर्धारित गारंटी अवधि में कंपनी की शर्तों के अनुसार उत्पाद में खराबी आने पर उसे बदलकर नया उत्पाद भी दिया जाता है.
युवाओं के लिए स्वरोजगार का बेहतर विकल्प
शुभम कंदवे के अनुसार, फाइबर फर्नीचर की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए इस क्षेत्र में रोजगार की अच्छी संभावनाएं हैं. खासकर वैसे युवा जो नौकरी की तलाश में हैं या कम पूंजी में अपना व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं, वे इस कारोबार को विकल्प के रूप में अपना सकते हैं. शुरुआत छोटी दुकान, सीमित स्टॉक या स्थानीय स्तर पर बिक्री से की जा सकती है. धीरे-धीरे ग्राहकों का भरोसा और बाजार में पहचान बनाने के बाद कारोबार का विस्तार भी किया जा सकता है. इस तरह कम निवेश के साथ फाइबर फर्नीचर का व्यवसाय स्वरोजगार और नियमित आमदनी का एक अच्छा माध्यम बन सकता है.