भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

Russia Ukraine Peace Talks: पीएम मोदी ने जेलेंस्की से की बीत, तो...


रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को खत्म कराने की कोशिशों के बीच भारत ने दोनों पक्षों से कूटनीतिक संपर्क तेज कर दिया है. एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की, तो वहीं दूसरी तरफ भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव से संपर्क साधा. भारत की यह कूटनीतिक सक्रियता ऐसे समय में सामने आई है, जब रूस, यूक्रेन और अमेरिका के प्रतिनिधि अबू धाबी में युद्ध समाप्त करने के रास्ते तलाशने के लिए बातचीत करने जा रहे हैं.

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार शाम लावरोव के साथ हुई बातचीत की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी. उन्होंने लिखा, ‘आज शाम रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से बातचीत की. हमारी चर्चा यूक्रेन संघर्ष और जारी कूटनीतिक पहलों पर केंद्रित रही.’

जयशंकर और लावरोव के बीच बातचीत के विस्तृत ब्योरे सामने नहीं आए हैं, लेकिन दोनों देशों के विदेश मंत्रियों का संवाद अबू धाबी में होने वाली अहम बैठक से पहले हुआ है.

पीएम मोदी ने जेलेंस्की से क्या कहा?

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बात की. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के मुताबिक, बातचीत के दौरान मोदी ने रूस-यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में किए जा रहे प्रयासों में भारत के योगदान देने की तत्परता दोहराई.

पीएम मोदी ने भारत के मानव-केंद्रित दृष्टिकोण का जिक्र करते हुए कहा कि इस संघर्ष का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए ही निकाला जाना चाहिए. उन्होंने युद्ध के मानवीय पहलुओं और शांति बहाली की कोशिशों पर जेलेंस्की के विचार भी सुने.

बातचीत के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि जेलेंस्की के साथ उनकी बातचीत उपयोगी रही. दोनों नेताओं ने भारत और यूक्रेन के बीच व्यापक द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की और इसे आगे मजबूत करने पर सहमति जताई.

‘भारत की भूमिका अहम, अनाज गलियारे बनाने में कर सकता है मदद’

यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बातचीत के बाद कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को अबू धाबी में होने वाली वार्ता की तैयारियों और हालिया कूटनीतिक घटनाक्रमों की जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि यूक्रेन बैठक के एजेंडे के हर मुद्दे पर सक्रियता से तैयारी कर रहा है.

जेलेंस्की ने यह भी कहा कि भारत को यह तय करना चाहिए कि वह युद्ध खत्म कराने के लिए कौन-से कदम उठा सकता है और दूसरे विश्व नेताओं के साथ किस तरह की कूटनीतिक पहल कर सकता है.

उन्होंने एक्स पर लिखा कि भारत काला सागर में अनाज के निर्यात के लिए गलियारे बनाने में मध्यस्थता कर सकता है और यूक्रेन इन प्रयासों को जारी रहने की उम्मीद करता है. जेलेंस्की के मुताबिक, यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए रचनात्मक रुख अपनाता रहा है और रूस को भी तनाव कम करने की ऐसी ही इच्छा दिखानी चाहिए.

अबू धाबी में होगी रूस-यूक्रेन-अमेरिका की बैठक

भारत की यह कूटनीतिक सक्रियता अबू धाबी में होने वाली त्रिपक्षीय वार्ता से ठीक पहले सामने आई है. संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी में 10 और 11 नवंबर को रूस, यूक्रेन और अमेरिका के प्रतिनिधि आमने-सामने बैठेंगे. इस साल फरवरी के बाद इस प्रारूप में होने वाली यह पहली अहम बैठक होगी.

अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर शामिल होंगे. बातचीत का मुख्य मकसद युद्ध खत्म करने के संभावित रास्ते तलाशना, सुरक्षा व्यवस्था, तनाव कम करने और मानवीय मुद्दों पर चर्चा करना है.

हालांकि, इससे पहले हुई बातचीत के दौर में कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी थी. रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध की शर्तों और भविष्य की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मतभेद बने हुए हैं. ऐसे में अबू धाबी की बैठक पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं.

रूस और यूक्रेन दोनों के संपर्क में भारत

भारत लगातार रूस और यूक्रेन, दोनों के साथ संपर्क बनाए हुए है. दिल्ली का यह साफ रुख रहा है कि युद्ध का समाधान बातचीत और कूटनीति से ही निकाला जाना चाहिए. प्रधानमंत्री मोदी पहले भी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मुलाकातों में युद्ध खत्म करने की जरूरत पर जोर दे चुके हैं.

अब प्रधानमंत्री मोदी का जेलेंस्की से संवाद और जयशंकर की लावरोव से बातचीत यह दिखाती है कि भारत दोनों पक्षों के साथ अपने कूटनीतिक संपर्क बनाए हुए है. हालांकि, इन बातचीतों से किसी औपचारिक मध्यस्थता या युद्धविराम पर सहमति बनने की पुष्टि नहीं हुई है.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top