Last Updated:
1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ित सरजीत सिंह ने News18 से बातचीत में इसे नरसंहार बताया है. उन्होंने कहा कि उनकी आंखों के सामने परिवार के सात सदस्यों को जिंदा जलाया गया था. सरजीत ने सोनिया गांधी के बयान को इतिहास पर पर्दा डालने की कोशिश करार दिया और कांग्रेस नेतृत्व से संसद में आकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है.
सिख विरोधी दंगों के विक्टिम का दर्द सोनिया गांधी की किताब को लेकर सामने आया. (PTI)
नई दिल्ली. 1984 के इतिहास का वह पन्ना ऐसा है जो आज भी किसी खौफनाक थ्रिलर से कम नहीं लगता. News18 के साथ एक एक्सक्लूसिव बातचीत में 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ित सरजीत सिंह ने ऐसा सच उकेरा है, जिसे सुनकर रूह कांप जाए. उन्होंने साफ कहा कि इसे दंगा’ बोलना बंद करो, क्योंकि यह कोई मामूली हिंसा नहीं बल्कि एक सुनियोजित नरसंहार था. सरजीत सिंह ने उस भयावह मंजर को याद करते हुए बताया कि कैसे उनकी अपनी आंखों के सामने उनके पिता समेत परिवार के 7 बेगुनाह सदस्यों को जिंदा जला दिया गया था. गले में जलते हुए टायर डालना, चारों तरफ लाशों का ढेर और अमानवीय अत्याचार. यह सब इतिहास का ऐसा काला सच है जिसे सोनिया गांधी और कांग्रेस के बयान मिटा नहीं सकते. उन्होंने सोनिया गांधी से सीधे संसद में आकर सार्वजानिक माफी की मांग कर दी है.
आंखों के सामने उजड़ी दुनिया
सरजीत सिंह ने उस खौफनाक मंजर को याद करते हुए बताया कि 1984 में उनके पिता समेत परिवार के 7 सदस्यों को उनकी आंखों के सामने जिंदा जला दिया गया था. उन्होंने दो टूक कहा कि इसे दंगा कहना बंद किया जाए, क्योंकि यह एक प्रायोजित नरसंहार था. चारों तरफ सिर्फ लाशें थीं, लोगों के गले में टायर डालकर आग लगाई जा रही थी और महिलाओं के साथ अमानवीय अत्याचार हुए थे.
‘आज तक कोई सुध लेने नहीं आया’
पीड़ित का आरोप है कि तिलक नगर जैसे इलाकों में आज भी 1984 के दंगों की विधवाएं और पीड़ित परिवार जी रहे हैं, लेकिन कांग्रेस का कोई भी बड़ा नेता, चाहे वह सोनिया गांधी हों, राहुल गांधी हों या प्रियंका गांधी, कभी उनका हाल जानने नहीं आया. हर साल 1 से 3 नवंबर तक बरसी मनाई जाती है, पर राजनीतिक दलों के कान पर जूं तक नहीं रेंगती.
सोनिया गांधी का बयान और माफी की मांग
सरजीत सिंह ने सोनिया गांधी के उस बयान को सिरे से खारिज कर दिया जिसमें 1984 की हिंसा का अलग विवरण दिया गया था. उन्होंने इसे इतिहास पर पर्दा डालने और सच्चाई मिटाने की कोशिश बताया है. सरजीत की सीधी मांग है कि कांग्रेस नेतृत्व को यह स्वीकार करना चाहिए कि तत्कालीन पीएम इंदिरा गांधी की कार्रवाई के बाद यह हिंसा भड़की थी. उन्हें संसद में आकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए, तभी असली पश्चाताप होगा.
About the Author
पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…