![]()
चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया। दोनों रिश्ते में जीजा-साला हैं। पुलिस के मुताबिक, हथियार पर ‘Made in USA’ लिखा था।
.
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक, एकता गांव में कुछ लोग अवैध हथियार के साथ किसी वारदात की योजना बना रहे थे।
एक आरोपी को खदेड़कर पकड़ा सूचना की जांच और कार्रवाई के लिए छापामारी दल बनाया गया। टीम ने पिंजनी गांव के पड़रियाबर टोला में तीन मोहान के पास घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे खदेड़कर पकड़ लिया गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान मांझीपाड़ा निवासी दशरथ कुमार भारती के रूप में हुई। उसकी विधिवत तलाशी लेने पर कमर में छिपाकर रखा गया एक ‘Made in USA’ लिखा हुआ 9 एमएम का देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और दो मिस फायर गोलियां बरामद हुईं।
दशरथ का रहा है आपराधिक इतिहास कड़ाई से पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी दशरथ ने खुलासा किया कि उसे यह यूएसए मेड हथियार उसके साले, एकता गांव के मरगड़ा टोला निवासी विक्रम कुमार ने उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके साले विक्रम कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि ये दोनों जीजा-साला इलाके के बड़े स्वर्ण और अन्य कारोबारियों को निशाना बनाकर बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। मुख्य आरोपी दशरथ का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है।