Last Updated:
How To Identify Moisture In Mushroom: देवघर में मशरूम विशेषज्ञ रंजीत झा के अनुसार मशरूम की खेती में नमी का संतुलन बेहद जरूरी है. हाथ से भूसे को दबाकर नमी की सही मात्रा पहचानी जा सकती है. इसके साथ ही कमरे के तापमान के अनुसार पानी छिड़कें.
देवघर. मशरूम की खेती में अगर आप अच्छी पैदावार लेना चाहते हैं तो सिर्फ अच्छे बीज और भूसे का इंतजाम करना काफी नहीं है, बल्कि सबसे ज्यादा ध्यान देना होगा नमी पर. क्योंकि मशरूम की खेती में नमी का संतुलन बिगड़ते ही पूरी मेहनत पर पानी फिर सकता है. कई बार किसान मशरूम की खेती तो शुरू कर देते हैं, लेकिन उन्हें यह समझ में नहीं आता कि मशरूम के कमरे में नमी सही है या नहीं. ऐसे में कभी मशरूम सूखने लगता है तो कभी जरूरत से ज्यादा नमी के कारण उसमें फंगस और सड़न की समस्या भी आने लगती है.
सबसे खास बात यह है कि सही नमी की पहचान करने के लिए किसानों को हर बार किसी महंगी मशीन या उपकरण की जरूरत नहीं है. वे अपने हाथों से भी इसका अंदाजा लगा सकते हैं. आखिर हाथ से कैसे पहचानेंगे मशरूम की खेती में सही नमी और किन बातों का रखना होगा ध्यान, आइए जानते हैं देवघर के मशरूम विशेषज्ञ से?
क्या कहते हैं मशरूम विशेषज्ञ
देवघर के मशरूम विशेषज्ञ रंजीत झा बताते हैं कि मशरूम की खेती में नमी की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है. मशरूम के अच्छे विकास के लिए उसके आसपास का वातावरण नम रहना चाहिए. खासकर भूसे से भरे बैग में नमी का सही संतुलन होना बहुत जरूरी है. अगर भूसे में नमी कम हो जाती है तो मशरूम का विकास ठीक से नहीं हो पाता और उसकी बढ़वार प्रभावित होती है. वहीं, अगर भूसे में जरूरत से ज्यादा पानी जमा हो जाए तो उसमें सड़न और दूसरी तरह की फंगस लगने का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए किसानों को समय-समय पर अपने मशरूम बैग की नमी जांचते रहना चाहिए.
इसके लिए सबसे आसान तरीका है हाथ से भूसे को दबाकर देखना. अगर भूसे को हाथ में लेकर दबाने पर उसमें नमी महसूस होती है और पानी की एक-दो बूंद निकलती है, लेकिन पानी लगातार नहीं टपकता है, तो इसे सामान्य तौर पर सही नमी का संकेत माना जा सकता है. अगर भूसा हाथ में बिल्कुल सूखा महसूस हो रहा है और दबाने पर उसमें से धूल जैसी चीज निकल रही है तो समझ जाइए कि नमी की कमी है.
कमरे का तापमान और नमी देखकर ही पानी का करें छिड़काव
रंजीत झा बताते हैं कि कई किसान नमी कम होने की शिकायत मिलते ही मशरूम के बैग या उस पर सीधे पानी डालने लगते हैं, जबकि ऐसा करना सही तरीका नहीं है. इससे बैग के अंदर जरूरत से ज्यादा पानी जमा हो सकता है और मशरूम खराब होने की आशंका रहती है. किसानों को कमरे के तापमान और नमी के हिसाब से पानी का छिड़काव करना चाहिए.
इसके लिए कमरे की दीवारों और फर्श पर हल्का पानी छिड़क सकते हैं, ताकि वातावरण में नमी बनी रहे. साथ ही कमरे में हवा आने-जाने की भी उचित व्यवस्था होनी चाहिए. हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि हर मशरूम की किस्म के लिए नमी और तापमान की जरूरत अलग-अलग हो सकती है. इसलिए किसान जिस किस्म का मशरूम उगा रहे हैं, उसके अनुसार ही नमी का प्रबंधन करें.
नमी का खेल बिगाड़ सकता है पूरी फसल
विशेषज्ञ के मुताबिक, मशरूम की खेती में छोटी-छोटी गलतियां भी किसानों को बड़ा नुकसान पहुंचा सकती हैं. इसलिए रोजाना मशरूम के बैग की स्थिति, भूसे की नमी और कमरे के वातावरण पर नजर रखना जरूरी है. किसान अगर शुरुआत से ही नमी का सही प्रबंधन करना सीख जाएं तो मशरूम की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों बेहतर कर सकते हैं. यानी मशरूम की खेती में अच्छी कमाई का रास्ता सिर्फ बीज और मेहनत से नहीं, बल्कि सही नमी के प्रबंधन से भी होकर गुजरता है.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…