![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो सेक्टर-12 स्थित बोकारो पुलिस लाइन में पत्रकार इलेवन और पुलिस एकादश के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मुकाबला हुआ। रोमांचक व संघर्षपूर्ण मैच में पुलिस एकादश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। मुकाबले में खिलाड़ियों के बीच खेल भावना, आपसी सौहार्द और भाईचारे की झलक देखने को मिली। मैच का शुभारंभ टॉस के साथ हुआ। पत्रकार इलेवन के कप्तान संजीव सिंह और पुलिस एकादश के कप्तान आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा के बीच टॉस हुआ। टॉस जीतकर पुलिस टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पुलिस टीम की ओर से सार्जेंट मेजर प्रवीण कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 58 रन बनाए। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस अवसर पर बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा, लेकिन ऐसे आयोजनों को जीत-हार के नजरिये से नहीं देखना चाहिए। प्रशासनिक अधिकारी और पत्रकार दोनों ही तनावपूर्ण परिस्थितियों में काम करते हैं। ऐसे में फिटनेस बनाए रखने और मानसिक तनाव दूर करने के लिए खेलकूद का आयोजन जरूरी है।
Source link