भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

क्या हिमाचल कांग्रेस में सुलग रही बगावत की चिंगारी? सुंदर सिंह के...


कुल्लू.  हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार पर अब कांग्रेस सरकार खुद ही घिरने लगी है. कुल्लू से सुंदर सिंह को मंत्री बनाने का ऐलान सीएम सुक्खू खुद कर चुके हैं. लेकिन अब मंत्रीपद मिलने में देरी पर सुंदर सिंह के समर्थक नाराज हैं.साथ ही कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह की पोस्ट से भी अब दवाब बनाने की राजनीति जैसे संकेत मिल रहे हैं, क्योंकि उन्होंने पोस्ट में इशारों-इशारों में 11 दिसंबर का अल्टीमेटम नजर आता है.

मीडिया रिपोर्ट में तो यह भी दावा किया गया था कि विधायक सुंदर सिंह 11 दिसंबर तक का इंतजार करेंगे और फिर यदि मंत्री नहीं बनाया गया तो पार्टी से इस्तीफा भी दे सकते हैं. हालांकि, सुंदर सिंह ने इस खबर का खंडन किया था. उधर, कुल्लू में कांग्रेस की ब्लॉक और मंडल स्तर की इकाइयों के 200 से अधिक कार्यकर्ताओं ने स्थानीय विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल करने में हो रही देरी पर नाराजगी जताई है. ऐसी जानकारी है कि कई कार्यकर्ताओं ने मांग पूरी नहीं होने पर सामूहिक रूप से इस्तीफा देने की चेतावनी भी दी है.

सूत्रों ने बताया कि बुधवार को सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में ठाकुर भी मौजूद थे. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल करने में लंबे समय से हो रही देरी पर नाराजगी जताई और सामूहिक इस्तीफे सौंपने की संभावना पर चर्चा की. कुल्लू दशहरा में सीएम सुक्खू ने कहा था कि वह तो सुंदर सिंह को मंत्री बनाना चाह रहे हैं, लेकिन शायद उनके ग्रह ठीक नहीं हैं.

सीपीएस की कुर्सी छिन गई थी.

आठ जनवरी, 2023 को मंत्रिमंडल विस्तार से पहले ठाकुर उन छह विधायकों में शामिल थे, जिन्हें मुख्य संसदीय सचिव (सीपीएस) नियुक्त किया गया था. हालांकि, उच्च न्यायालय ने 13 नवंबर, 2024 को सीपीएस की नियुक्तियों को रद्द कर दिया था. इसके बाद ठाकुर मंत्रिमंडल में खाली पड़े एकमात्र पद के लिए सबसे प्रबल दावेदार के रूप में उभरे थे. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कई बार संकेत दे चुके हैं कि सुंदर ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा. हालांकि, हाल ही में उनकी इस टिप्पणी से पार्टी कार्यकर्ताओं के एक वर्ग में नाराजगी है कि कुल्लू के विधायक तब मंत्री बनेंगे, जब उनके सितारे अनुकूल होंगे.

भाजपा ले रही चुटकी

नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी हाल ही में कुल्लू जिले के आनी में एक रैली के दौरान इस टिप्पणी को लेकर सुक्खू पर निशाना साधा था. उन्होंने तंज कसते हुए सुंदर सिंह ठाकुर से कहा था कि अगर मंत्रिमंडल में जगह उनकी गरिमा की कीमत पर मिलती है तो उन्हें इसे स्वीकार नहीं करना चाहिए. शिमला में जयराम ने शुक्रवार को पत्रकारों के सवालों पर कहा कि सुंदर सिंह को नाराज नहीं भंयकर नाराज होना चाहिए क्योंकि डेढ़ साल से उन्हें मंत्री बनाने की बातें हो रही हैं.

उधर, सोशल मीडिया पर सुंदर सिंह ने ठाकुर का एक पोस्टर भी वायरल हुआ है, जिस पर लिखा है, ‘‘आत्मसम्मान और  भविष्य की रणनीति 11 दिसंबर के बाद कार्यकर्ता तय करेंगे.’’ सुक्खू सरकार 11 दिसंबर, 2026 को अपने कार्यकाल के चार वर्ष पूरे करेगी. राज्य में अगला विधानसभा चुनाव नवंबर 2027 में होने की संभावना है.

क्या कांग्रेस में फिर होगी बगावत

अहम बात है कि 2024 में कांग्रेस में छह विधायकों ने बगावत की थी. सुधीर शर्मा और राजेंद्र राणा को मंत्रीमंडल में जगह नहीं दी गई थी और इस वजह से बाद में कुछ छह विधायकों ने कांग्रेस को अलविदा कह दिया था. अब दोबारा पार्टी में बगावत होती दिख रही है.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top