Last Updated:
किसी भी मौसम का असर सिर्फ आम इंसानों पर नहीं बल्कि इस संसार के सभी जीव और पेड़-पौधों पर भी पड़ता है. इससे सर्दियों में तैयार होने वाली फसल और सब्जियों का भी बहुत ध्यान रखना पड़ता है. ठंड के असर से इन फसलों में पाला और कुहासा का असर पड़ता है और इससे फसल की पैदावार प्रभावित होती है.
देवघर: सर्दियों का मौसम शुरू होते ही किसानों की चिंता भी बढ़ने लगती है. किसान की फसलों के लिए ठंड, कुहासा और पाला किसी बड़ी मुसीबत से कम नही है. अब फिर ठंड ने दस्तक दे दिया है और इस समय कई जगह किसान आलू की खेती में जुटे हैं. झारखंड के देवघर जिले में भी कई जगह आलू की खेती शुरू हो गई है और कई किसान तो खेती कर भी चुके. ऐसे में इस बदलते मौसम में अगर समय रहते आलू के पौधों की देखभाल नहीं की गई तो कुहासा और पाला फसल को नुकसान पहुंचा सकता है. ज्यादा कुहासा पड़ने पर आलू के पौधे मुरझाने लगते हैं और पत्तियों पर भी इसका असर दिखाई देने लगता है. बाद में दवाओं के छिड़काव आदि में पैसा भी खर्च होता है और फसल भी जहरीली होती है. इसके बाद भी इस बात की गारंटी नहीं कि फसल बच ही जाएगी. तो आज हम आपको ऐसी जानकारी देंगे जिससे आप समय रहते अगर सचेत हो गए तो आपकी आलू की फसल बेहतरीन होगी.
क्या कहते हैं कृषि विशेषज्ञ
देवघर के कृषि विशेषज्ञ अंबिका कुशवाहा बताते हैं कि जब खेत में लगातार कुहासा पड़ने लगे तो किसानों को सबसे पहले अपनी फसल पर ध्यान देना चाहिए. कुहासा और पाले के असर से पौधों की पत्तियां प्रभावित हो सकती हैं और फसल की बढ़वार भी रुक सकती है. ऐसी स्थिति में किसान कृषि विशेषज्ञ आमतौर पर तो बाजार में आसानी से मिलने वाली दवाओं को इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं. आलू की फसल को पाला और कुहासा से बचाने के लिए मैंकोजेब और मैंगनीज कार्बोनेट जैसी दवाओं का इस्तेमाल किया जाता है. हालांकि, किसी भी दवा का छिड़काव करने से पहले उसकी सही मात्रा, इस्तेमाल का तरीका और जरूरत की जानकारी कृषि विशेषज्ञ से जरूर लेनी चाहिए. बिना जानकारी के ज्यादा मात्रा में दवा का इस्तेमाल करना फसल के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है. हालांकि, कुछ किसान इन केमिकल युक्त दवाओं का इस्तेमाल करके अपनी फसल को जहरीला नहीं बनाना चाहते.
कुहासे से बचाने के लिए अपनाएं यह देशी जुगाड़
ऐसे किसान जो पाला और कुहासा से अपने आलू की फसल को बचाना तो चाहते हैं लेकिन, उसमें जहरीली केमिकल युक्त दवाओं का छिड़काव नहीं करना चाहते हैं उनके लिए क्या उपाय है. तो हम आपको इसके कुछ उपाय बता रहे हैं. कृषि एक्सपर्ट अंबिका कुशवाहा बताते हैं कि देवघर के कई किसान कुहासे के मौसम में खेत में नमी बनाए रखने का प्रयास करते हैं. जब ज्यादा कुहासा पड़ने लगे तो खेत की मिट्टी में जरूरत के अनुसार नमी बनाए रखना जरूरी है. इसके साथ ही किसान सुबह और शाम खेत के चारों तरफ सूखी खरपतवार और फसल के अवशेषों से धुआं करने का पारंपरिक तरीका भी अपनाते हैं. ग्रामीण इलाकों में किसान लंबे समय से इस तरह के देसी उपाय करते आ रहे हैं.
ठंड के मौसम मे फसलों का रखें खास ध्यान
कृषि विशेषज्ञ की सलाह है कि किसान ठंड के मौसम में रोजाना अपने खेत का निरीक्षण करें. पौधों की पत्तियों में बदलाव, मुरझाने या किसी तरह के रोग के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत कृषि विशेषज्ञ से संपर्क करें. इस तरह थोड़ी सावधानी, समय पर देखभाल और सही जानकारी के जरिए किसान अपनी आलू की फसल को ठंड के मौसम में होने वाले नुकसान से काफी हद तक बचा सकते हैं.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…