![]()
टीडीपीएल के निदेशकों ने अपने अकाउंटेंट को पास कराने की गारंटी दी थी जेपीएससी की भर्ती परीक्षाओं में धांधली की परतें लगातार खुल रही हैं। अब सीआईडी को जेपीएससी की वन क्षेत्र पदाधिकारी (एफआरओ) परीक्षा संचालन करने वाली एजेंसी टीडीपीएल के अकाउंटेंट रक्षक सिंह के खिलाफ ऐसे पुख्ता साक्ष्य मिले हैं, जिसने पूरे सिंडिकेट की पोल खोल दी है। चौंकाने वाली बात यह है कि रक्षक सिंह ने खुद अपने मोबाइल से ओएमआर शीट और उत्तर पुस्तिकाओं से हो रही छेड़छाड़ का वीडियो बनाया था, जो अब एजेंसी के निदेशकों और अधिकारियों के गले की फांस बन गया है। सीआईडी की जांच और रक्षक सिंह के स्वीकारोक्ति बयान के मुताबिक उसने टीडीपीएल के निदेशक रामबीर सिंह और सत्यपाल सिंह के कहने पर एफआरओ परीक्षा का फॉर्म भरा था। दोनों निदेशकों ने उसे परीक्षा में पास कराने की गारंटी दी थी। लखनऊ निवासी रक्षक सिंह तय साजिश के तहत परीक्षा हॉल में बैठा। उसने ओएमआर शीट में सिर्फ 31 प्रश्नों का उत्तर भरा और बाकी शीट खाली छोड़ दी। परीक्षा खत्म होने के बाद उसने अपनी ओएमआर की कार्बन कॉपी रामबीर सिंह को सौंप दी। इसके बाद असली खेल शुरू हुआ। टीडीपीएल के कार्यालय में स्कैनिंग प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह और अन्य सहयोगियों ने रक्षक सिंह की खाली छोड़ी गई ओएमआर शीट में 147 प्रश्नों के उत्तर भर दिए। इसके बाद रक्षक सिंह प्रारंभिक परीक्षा में सफल हो गया। मुख्य परीक्षा में ली चैट जीपीटी की मदद यह धांधली सिर्फ प्रारंभिक परीक्षा तक ही नहीं सीमित नहीं रही। एफआरओ की मुख्य परीक्षा में सवालों के जवाब देने के लिए रक्षक सिंह ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद ली। उसने चैट जीपीटी से उत्तर तैयार कर कॉपी में लिखा और उत्तर पुस्तिका जमा कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि सुरक्षा के लिहाज से या सबूत रखने के मकसद से रक्षक सिंह ने ओएमआर भरने और उत्तर पुस्तिका से छेड़छाड़ की पूरी प्रक्रिया का वीडियो और फोटो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था। यह वीडियो और फोटो सीआईडी के हाथ लग गया। फिर इसकी फॉरेंसिक जांच कराई गई। सर्वर की हार्ड डिस्क से फर्जीवाड़ा का खुलासा रक्षक सिंह को सीआईडी ने लखनऊ से गिरफ्तार किया गया था। सीआईडी ने कोर्ट की अनुमति के बाद जब उसके मोबाइल फोन और परीक्षा एजेंसी टीडीपीएल के सर्वर की हार्ड डिस्क की फॉरेंसिक जांच कराई तो पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ गया। उसके मोबाइल की गैलरी से ओएमआर शीट की वह कार्बन कॉपी बरामद हुई, जिसमें उसने सिर्फ 31 सवालों के जवाब भरे थे। वहीं टीडीपीएल के सर्वर से निकाली गई मूल ओएमआर की स्कैन कॉपी में 147 प्रश्नों के गोले भरे मिले। इससे परीक्षा में फर्जीवाड़ा सामने आ गया। मोबाइल से बरामद वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे टीडीपीएल के ऑफिस में बैठकर ओएमआर शीट और मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं से छेड़छाड़ की जा रही है। इस वीडियो में कंपनी का स्कैनिंग प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह भी लैपटॉप पर काम करते दिख रहा है।
Source link