![]()
कोडरमा जिले के सदर थाना क्षेत्र के नगरखारा स्थित कलाली रोड में शनिवार तड़के चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया। एक घर में घुसकर चोर ने सो रही महिला का मुंह दबा दिया। महिला की नींद खुलने पर उसने शोर मचाने की कोशिश की। इसी बीच बेटे के जागने से चोर घबरा गया और धारदार चाकू छोड़कर फरार हो गया। दूसरी घटना में चोर ने पड़ोसी के घर से सूटकेस चोरी कर लिया। बाद में उसे घर के पीछे खेत में फेंक दिया। सूटकेस में रखे नए कपड़े और 5 हजार रुपए गायब मिले। वहीं, तीसरे घर में चोरी की कोशिश नाकाम रही। वहां घर के लोगों के जागने पर बदमाश छत की ओर भागा और पीछे से कूदकर फरार हो गया। एक साथ तीन घरों में चोरी की घटनाओं से मोहल्ले के लोगों में दहशत है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घर में सो रही महिला का दबाया मुंह पीड़िता अनिता देवी ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 3 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उनके कमरे में घुस आया। उस समय वह कमरे में सो रही थीं। अचानक आहट सुनकर उनकी नींद खुल गई। उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति कमरे में मौजूद है। इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, चोर ने उनका मुंह दबा दिया। महिला ने विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की। इसी दौरान उनका बेटा जाग गया। वह कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचा। बेटे की आहट मिलते ही बदमाश घबरा गया। वह अपना धारदार चाकू वहीं छोड़कर भाग निकला। इसके बाद अनिता के परिवार ने शोर मचाना शुरू किया। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी जाग गए। कई लोग उनके घर पहुंचे। बाद में कमरे में पड़ा चाकू देखा गया। पड़ोसी के घर से सूटकेस चोरी, खेत में मिला सामान इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले बंटी राणा को भी चोरी की जानकारी मिली। उन्होंने अपने कमरे की जांच की तो वहां रखा सूटकेस गायब मिला। परिवार के लोगों ने आसपास तलाश शुरू की। घर के पीछे स्थित खेत में सूटकेस पड़ा मिला। जब उसे खोलकर देखा गया तो उसमें रखे नए कपड़े और 5 हजार रुपए गायब थे। आशंका है कि बदमाश सूटकेस लेकर घर से बाहर निकला और खेत में उसे खोलकर सामान निकाल लिया। इसके बाद खाली सूटकेस वहीं छोड़कर फरार हो गया। एक ही मोहल्ले में लगातार घरों को निशाना बनाए जाने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि तड़के हुई इन घटनाओं से घरों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर डर बना हुआ है। तीसरे घर के छत से कूदकर भागा बदमाश तीसरे घर के निवासी विशाल सिंह ने बताया कि शोर सुनकर उनकी नींद खुली। वह कमरे से बाहर निकले तो एक अज्ञात व्यक्ति घर के अंदर दिखाई दिया। विशाल के मुताबिक, उन्हें देखते ही बदमाश छत की ओर भागा। इसके बाद वह पीछे की तरफ से कूदकर फरार हो गया। उनकी नींद खुलने और बाहर निकलने के कारण घर में चोरी नहीं हो सकी। एक साथ तीन घरों में बदमाशों के घुसने की घटना से पूरे कलाली रोड में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात और सुबह के समय विशेष गश्ती कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि नियमित पुलिस गश्ती होने से ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है। पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित परिवारों से पूछताछ की और घटनास्थल का जायजा लिया। महिला के कमरे में छोड़े गए चाकू और चोरी हुए सामान को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इससे संदिग्ध की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि तीनों घरों में वारदात को एक ही व्यक्ति ने अंजाम दिया या इसमें अन्य लोग भी शामिल थे। फिलहाल किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है।
Source link