Last Updated:
बुंदेलखंड के चित्रकूट जिले ने कृषि विकास के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है. प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत जिले को उत्तर प्रदेश में पहला और देशभर में सातवां स्थान मिला है. 12 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जिलाधिकारी पुलकित गर्ग को श्रेष्ठता प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया. जानिए क्या है प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना और चित्रकूट को यह उपलब्धि कैसे मिली.
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के मुताबिक, यह सम्मान जिले के किसानों, कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और कृषि क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों के प्रयासों की पहचान है. जिला प्रशासन का लक्ष्य कृषि का सतत विकास करना, उत्पादन बढ़ाना और किसानों की आय में वृद्धि करना है.
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की शुरुआत 11 अक्टूबर 2025 को देश के 100 चयनित जिलों में की गई थी. इसका उद्देश्य कृषि उत्पादकता बढ़ाना, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करना, टिकाऊ खेती को बढ़ावा देना और किसानों को कृषि ऋण की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है.
इस योजना के तहत केंद्र सरकार की 36 योजनाओं और 11 मंत्रालयों एवं विभागों के प्रयासों को एक साथ जोड़कर काम किया जा रहा है. इसमें सिंचाई सुविधाओं में सुधार, फसल कटाई के बाद भंडारण व्यवस्था मजबूत करने और किसानों की जरूरतों पर विशेष ध्यान दिया जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
बुंदेलखंड के चित्रकूट जिले में खेती के सामने कई चुनौतियां हैं. कृषि उप निदेशक जेएल गुप्ता के मुताबिक, जिले के कई क्षेत्रों में पथरीली जमीन, पानी की कमी और सिंचाई की सीमित सुविधाएं कृषि उत्पादन को प्रभावित करती हैं. इसके बावजूद कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिए प्रयास किए गए हैं.
कृषि विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 2025-26 में गेहूं की उत्पादकता में 32.5 प्रतिशत, जौ में 30.58 प्रतिशत, मटर में 16.66 प्रतिशत, मसूर में 9.38 प्रतिशत और तोरिया में 16.6 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई. वहीं चना और राई-सरसों की उत्पादकता में पिछले आंकड़ों की तुलना में कमी दर्ज हुई.
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत कृषि उत्पादकता बढ़ाने के प्रयासों के लिए चित्रकूट को उत्तर प्रदेश में पहला और देशभर में सातवां स्थान मिला है. 12 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जिलाधिकारी पुलकित गर्ग को श्रेष्ठता प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया.