भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

गोबर से घर बैठे बनाएं सोना जैसी खाद, सिर्फ 60-75 दिनों में...


कोडरमा: खेती में बेहतर उत्पादन के लिए मिट्टी की उर्वरक क्षमता बनाए रखना बेहद जरूरी है. इसके लिए किसान अक्सर रासायनिक खाद का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन अब जैविक खाद की मांग भी लगातार बढ़ रही है. ऐसे में गोबर से तैयार होने वाला वर्मी कंपोस्ट यानी केंचुआ खाद किसानों के लिए एक बेहतर विकल्प बनकर उभर रहा है. इसकी खासियत यह है कि सामान्य गोबर को केंचुओं की मदद से पोषक तत्वों से भरपूर जैविक खाद में बदला जा सकता है. इसे कम लागत में तैयार किया जा सकता है और किसान इसका इस्तेमाल अपने खेतों में कर सकते हैं.

कोडरमा में श्री कोडरमा गौशाला समिति के कर्मी सौरभ कुमार मिश्रा ने रांची की कंपनी आदित्य क्रॉप लिमिटेड के माध्यम से वर्मी कंपोस्ट तैयार करने की विधि का प्रशिक्षण प्राप्त किया है. अब वह जिले के दूसरे किसानों, गौशाला समिति के सदस्यों और अन्य लोगों को भी इसकी तकनीक की जानकारी दे रहे हैं. लोकल 18 से विशेष बातचीत में उन्होंने वर्मी कंपोस्ट तैयार करने के लिए जरूरी जगह, बेड बनाने की विधि, गोबर को ठंडा करने और केंचुए डालने से लेकर खाद तैयार होने तक की पूरी प्रक्रिया साझा की.

प्रशिक्षण लेकर सीख सकते हैं वर्मी कंपोस्ट

सौरभ कुमार मिश्रा ने बताया कि वर्मी कंपोस्ट तैयार करने के लिए सबसे पहले इसकी वैज्ञानिक विधि को समझना जरूरी है. इसके लिए रांची की कंपनी आदित्य क्रॉप लिमिटेड के माध्यम से उन्हें शॉर्ट टर्म प्रशिक्षण मिला. उन्होंने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण में लगभग एक सप्ताह का समय लग सकता है. इसमें खाद बनाने की प्रक्रिया और उसके रखरखाव से जुड़ी जरूरी जानकारी दी जाती है.

समतल और छायादार जगह का करें चयन

उन्होंने बताया कि वर्मी कंपोस्ट इकाई शुरू करने के लिए सबसे पहले समतल जमीन का चयन करना चाहिए. यदि जगह छायादार है तो यह काफी बेहतर है. खुले स्थान पर इकाई तैयार करने की स्थिति में शेड का निर्माण करना या वर्मी बेड को ढकने की व्यवस्था करना जरूरी है, ताकि तेज धूप और बारिश से बेड को बचाया जा सके. इसके बाद जमीन पर करीब 4-4 फीट की दूरी पर ईंटें बिछाकर बेड तैयार किया जाता है. ईंटों के ऊपर प्लास्टिक बिछाई जाती है. इसके बाद करीब 3 फीट ऊंचाई और 4 फीट चौड़ाई तक गोबर डालकर बेड बनाया जाता है. इस दौरान गोबर को सही तरीके से व्यवस्थित करना जरूरी होता है.

15 दिनों तक गोबर को करना होगा ठंडा

सौरभ मिश्रा ने बताया कि गोबर डालने के तुरंत बाद उसमें केंचुए नहीं डालने चाहिए. सबसे पहले गोबर को ठंडा करना जरूरी है. इसके लिए लगभग 15 दिनों तक बेड पर हल्का-हल्का पानी छिड़कना पड़ता है. पानी इतनी मात्रा में डालना चाहिए कि गोबर के अंदर तक नमी पहुंचे और उसका तापमान कम हो जाए. हालांकि, जरूरत से ज्यादा पानी डालने से गोबर बह सकता है और बेड की स्थिति खराब हो सकती है.

60 से 75 दिनों में तैयार होगी खाद

उन्होंने बताया कि गोबर ठंडा होने के बाद उसमें लगभग 100 से 150 ग्राम केंचुए डाले जाते हैं. इसके बाद नियमित रूप से बेड की निगरानी करनी होती है. सबसे जरूरी बात यह है कि गोबर में हमेशा उचित नमी बनी रहे. इसके लिए प्रत्येक दो से तीन दिनों पर बेड की जांच करनी चाहिए और आवश्यकता के अनुसार पानी का छिड़काव करना चाहिए. सही देखभाल और अनुकूल परिस्थितियों में करीब 60 से 75 दिनों के भीतर वर्मी कंपोस्ट तैयार हो जाता है. इसके बाद तैयार खाद को अलग कर उपयोग में लाया जा सकता है.

खेतों की उर्वरक क्षमता बढ़ाने में मददगार

सौरभ कुमार मिश्रा ने बताया कि वर्मी कंपोस्ट में मिट्टी के लिए उपयोगी पोषक तत्व और जैविक पदार्थ मौजूद होते हैं. इसके इस्तेमाल से मिट्टी की गुणवत्ता और उर्वरक क्षमता बेहतर बनाने में मदद मिलती है. किसानों को अपने खेतों में जैविक खाद का इस्तेमाल बढ़ाना चाहिए.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top