भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

अस्ताचल पर आस्था का अर्घ्य:आज अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य, सोमवार सुबह...




लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को खरना का अनुष्ठान संपन्न हुआ। दिनभर निर्जला उपवास के बाद व्रतियों ने शाम को भगवान भास्कर और छठी मैया की पूजा की। फिर शुद्धता और पवित्रता के साथ खरना का प्रसाद तैयार किया। पारंपरिक मान्यता के अनुसार मिट्‌टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी जलाकर गुड़ और दूध से बनी खीर और अन्य प्रसाद तैयार किया। पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र, रवि योग व यायीजय योग के संयोग में छठव्रतियों ने खरना का प्रसाद ग्रहण कर निर्जला उपवास की शुरुआत की। देर रात तक व्रतियों के घरों में प्रसाद वितरण जारी रहा। इस बार छठ महापर्व पर ग्रह-गोचरों का शुभ संयोग बन रहा है। रविवार को षष्ठी तिथि होने से इसका महत्व और बढ़ गया है। रविवार को सर्वार्थ सिद्धि और रवियोग में अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा। सोमवार को सप्तमी तिथि में वृद्धि योग और सर्वार्थ अमृत सिद्धि योग रहेगा। इस दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा। विष्णु पुराण के अनुसार तिथियों के बंटवारे में सूर्यदेव को सप्तमी तिथि मिली थी। इसलिए इन्हें इस तिथि का स्वामी माना जाता है। शाम को जल और सुबह दूध से अर्घ्य देने की मान्यता : ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, कलयुग के प्रत्यक्ष देव भगवान भास्कर को अर्घ्य देने से कई जन्मों के पाप नष्ट होते हैं। अलग-अलग वस्तुओं से अर्घ्य देने की अलग-अलग मान्यताएं हैं। इधर छठ के लिए झारखंड में छठ घाटों को विशेष रूप से तैयार किया गया है। राजधनवार : जयपुर के अक्षरधाम मंदिर की तर्ज पर सजा पंडाल
आस्था का स्वर्णिम प्रतिबिंब…
छठ महापर्व पर गिरिडीह जिले के राजधनवार में राज छठ घाट को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। यहां राजस्थान के जयपुर स्थित प्रसिद्ध अक्षरधाम मंदिर की तर्ज पर भव्य पंडाल बनाया गया है। यह लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। अर्घ्य देने से मनोकामना पूरी होती है
सांध्यकालीन अर्घ्य : शाम को जल से अर्घ्य देने से मानसिक शांति और उन्नति मिलती है। जल में लाल चंदन और फूल मिलाकर अर्घ्य देने से यश की प्राप्ति होती है। वहीं, गुड़ मिलाकर अर्घ्य देने से पुत्र और सौभाग्य का वरदान मिलने की मान्यता है। प्रातःकालीन अर्घ्य : सुबह तांबे के पात्र में जल, रक्त चंदन, लाल फूल और इत्र मिलाकर अर्घ्य देने से आयु, विद्या, यश और बल की प्राप्ति होती है। स्थिरता और महालक्ष्मी की कृपा के लिए पीतल के पात्र से दूध का अर्घ्य देना श्रेष्ठ माना गया है। वर्जित पात्र: सूर्यदेव को चांदी, स्टील, शीशे या प्लास्टिक के पात्र से अर्घ्य नहीं देना चाहिए। दोनों शक्तियों उषा और प्रत्युषा की आराधना
मान्यता है कि उषा व प्रत्युषा सूर्य की दोनों शक्तियां हैं। छठ में सूर्यदेव के साथ इनकी भी पूजा होती है। शाम में सूर्य की अंतिम किरण प्रत्युषा को नमन किया जाता है। वहीं, सुबह पहली किरण उषा को अर्घ्य दिया जाता है। छठ की पूजन सामग्री का विशेष महत्व
सूप व डाला : नए बांस से बने सूप व डाला वंश वृद्धि और संतान की रक्षा के प्रतीक माने जाते हैं।
ईख (गन्ना) : इसे आरोग्यता और वंश के उत्थान का प्रतीक माना जाता है।
ठेकुआ : यह महाप्रसाद उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि का प्रतीक है।
मौसमी फल : अर्घ्य में मौसमी फल चढ़ाने से अभीष्ट सिद्धि की मान्यता है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top