Last Updated:
Jamshedpur News: झारखंड के ग्रामीण इलाकों में आज भी घरों के फर्श को सजाने के लिए पारंपरिक मिट्टी और गोबर के लेप झालोम का इस्तेमाल किया जाता है. यह प्राकृतिक लेप गर्मी में फर्श को ठंडा रखता है और संस्कृति को जीवंत रखता है. आइये जानते हैं इसके बारे में.
जमशेदपुर: आज के समय में शहरों में घर बनवाने की बात हो तो सबसे पहले लोग फर्श पर टाइल्स, मार्बल, ग्रेनाइट या सीमेंट लगवाना पसंद करते हैं. घर को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए लोग हजारों रुपये खर्च करते हैं, लेकिन झारखंड के ग्रामीण इलाकों में आज भी घरों के फर्श को सजाने का एक ऐसा पारंपरिक तरीका मौजूद है, जो न सिर्फ प्राकृतिक है, बल्कि हमारी पुरानी संस्कृति और परंपरा से भी जुड़ा हुआ है. यहां आज भी कई घरों में फर्श पर मिट्टी का खास लेप लगाया जाता है, जिसे स्थानीय भाषा में ग्रामीण झालोम कहते हैं.
इस खास लेप को तैयार करने का तरीका भी काफी दिलचस्प है. इसके लिए लाल मिट्टी, मुरूम मिट्टी, गोबर और बालू को एक साथ अच्छी तरह मिलाया जाता है. इसके बाद इसमें जरूरत के अनुसार पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार किया जाता है. जब सभी चीजें अच्छी तरह मिल जाती हैं, तब इस मिश्रण को घर के फर्श पर हाथों से फैलाकर लगाया जाता है. सूखने के बाद फर्श पर एक सुंदर और प्राकृतिक परत बन जाती है, जो देखने में काफी आकर्षक लगती है.
गर्मी में फर्श रहता है ठंडा
ग्रामीण स्वीटी बताती हैं कि हम लोग आज भी अपने घरों के अंदर और बाहर इस मिट्टी के लेप का इस्तेमाल करते हैं. यह हमारी पुरानी परंपरा का हिस्सा है. इसे लगाने से घर का फर्श साफ-सुथरा और सुंदर दिखाई देता है. साथ ही मिट्टी और गोबर से तैयार होने के कारण यह एक प्राकृतिक विकल्प भी है. उनके अनुसार, इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि गर्मी के दिनों में भी फर्श अपेक्षाकृत ठंडा रहता है और घर के वातावरण में ठंडक का एहसास होता है.
इस पारंपरिक लेप के कई फायदे भी हैं. सबसे पहली बात यह है कि इसे तैयार करने के लिए आसपास आसानी से मिलने वाली प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल किया जाता है. ऐसे में महंगे टाइल्स और मार्बल की तुलना में यह कम खर्च वाला विकल्प हो सकता है. गोबर और मिट्टी का पारंपरिक मिश्रण फर्श को एक खास बनावट और रूप देता है. इसकी सतह को समय-समय पर दोबारा लीपकर नया जैसा बनाया जा सकता है. ग्रामीण क्षेत्रों में इसे घर के अंदर के साथ-साथ आंगन में भी लगाया जाता है.
झारखंड के ग्रामीण इलाकों में आज भी है ये परंपरा
आज जब लोग घरों को आधुनिक बनाने की होड़ में अपनी पुरानी परंपराओं को भूलते जा रहे हैं. वहीं, झारखंड के ग्रामीण इलाकों में ग्रामीण झालोम जैसी परंपराएं आज भी जीवित हैं. यह सिर्फ घर का फर्श सजाने का तरीका नहीं, बल्कि प्रकृति के करीब रहकर सादगी से जीवन जीने की एक खूबसूरत मिसाल भी है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत, दैनिक भास्कर के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से Hindi.News18.com<…