![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बोकारो के बाजार पूरी तरह सज गए हैं। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय महापर्व की शुरुआत होते ही शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी तेज हो गई है। दुंदीबाद बाजार से लेकर सेक्टर-4, सेक्टर-5 और सेक्टर-9 तक फल, पूजन सामग्री और पारंपरिक बर्तनों की दुकानों पर सुबह से ही खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। छठ की तैयारियों ने बाजार में रौनक बढ़ा दी है। इस बार फल और पूजन सामग्री की कीमतों में पिछले वर्ष की तुलना में करीब 15 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। दुंदीबाद बाजार में छठ की खरीदारी के लिए बोकारो के अलावा चास, चंदनकियारी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग पहुंच रहे हैं। बाजार में हाजीपुर और पश्चिम बंगाल से केले की खेप पहुंच रही है। वहीं सेब, संतरा, नारियल, अनार और मौसमी समेत विभिन्न फलों की दुकानें सज गई हैं। छठ में विशेष रूप से इस्तेमाल होने वाले कद्दू की मांग भी बढ़ गई है। शुक्रवार को बाजार में कद्दू 30 से 40 रुपये प्रति किलो की दर से बिका। कारोबारियों को उम्मीद है कि शनिवार को खरीदारी में और तेजी आएगी। छठ गीतों से गूंजा बोकारो रेलवे स्टेशन, घर लौट रहे यात्रियों में दिख रहा उत्साह का माहौल लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर बोकारो रेलवे स्टेशन का पूरा परिसर भक्तिमय हो गया है। रेलवे की विशेष पहल के तहत स्टेशन के पब्लिक एड्रेस सिस्टम (लाउडस्पीकरों) से लगातार पारंपरिक छठ गीत बजाए जा रहे हैं, जिससे त्योहार मनाने अपने घर लौट रहे यात्रियों को एक सुखद और अपनापन भरा अनुभव मिल रहा है। प्लेटफॉर्म पर गूंजते छठ मइया के गीतों ने यात्रा की थकान को कम कर दिया है और स्टेशन पर मौजूद हर व्यक्ति त्योहार के रंग में रंगा नजर आ रहा है। यात्रियों के अनुसार, स्टेशन पर कदम रखते ही छठ के गीत सुनकर घर पहुंचने की खुशी दोगुनी हो गई है।
Source link