![]()
भास्कर न्यूज|लोहरदगा लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ 13 नवंबर, यानी शुक्रवार को नहाय-खाय की विधि के साथ शुरू हो गया। पहले दिन छठव्रतियों ने स्नान आदि के बाद पूरी विधि-विधान से पीतल के बर्तनों में कद्दू-भात तैयार करने की परंपरा निभाई। अब 14 नवंबर की शाम खरना की विधि पूरी की जाएगी। इसके बाद 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। जिलेभर में छठ महापर्व को लेकर खासा उत्साह है। जिले में एक दर्जन से अधिक छठ घाटों पर आयोजन समितियां विभिन्न तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। घाटों पर व्रतियों की सुविधा के लिए तरह-तरह की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसके अलावा आकर्षक विद्युत सज्जा भी की गई है। इन व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी घाटों पर पहुंच रहे हैं। इधर, खरीदारी से लेकर छठ घाटों की सफाई, तथा घाटों तक जाने वाले रास्तों की साफ-सफाई और सजावट का काम भी अंतिम चरण में है। सूप, दउरा, फल, गेहूं आदि की खरीदारी को लेकर गुदरी बाजार, महावीर चौक, बरवा टोली और सुभाष चौक सहित अन्य स्थानों पर विशेष रूप से सजी दुकानों में भीड़ उमड़ रही है। कई जगहों पर सामान लागत मूल्य पर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा मिट्टी के दीयों और ढकनियों के सेट की भी खरीदारी हो रही है। इधर, छठ पूजा समिति सेरेंगहातू तोड़ार और हरमू संगम घाट समिति की ओर से आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है। बताया गया कि छठ घाट का उद्घाटन होते ही व्रतियों के लिए घाट खोल दिया जाएगा। आयोजन को लेकर समिति के पदाधिकारी और सदस्य तैयारियों में जुटे हैं। शहर के विभिन्न छठ घाटों पर मुख्य रूप से सेरेंगहातू छठ पूजा समिति, भक्सो छठ पूजा समिति, सिठियो छठ पूजा समिति, रघुनंदन लेन छठ पूजा समिति, बजरंग दल छठ पूजा समिति और राममंदिर फुलवाड़ी सह थाना टोली पूजा समिति सहित अन्य समितियों के सदस्य तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हैं। नहाय-खाय के अवसर पर पूर्व डिप्टी चेयरमैन बलराम साहू ने अपनी पत्नी रश्मि देवी के साथ पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान सूर्य और छठी मैया से परिवार, समाज एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। लागत मूल्य पर आज होगी फलों की बिक्री शहर के बरवा टोली चौक के निकट रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप छठ पूजा समिति अमन फल भंडार की ओर से 14 नवंबर को विशेष स्टॉल लगाया जाएगा। यहां व्रतियों को लागत मूल्य पर फल उपलब्ध कराए जाएंगे। भंडार के संचालक ने बताया कि लोग इस स्टॉल से लागत मूल्य पर फल खरीद सकेंगे। असामाजिक तत्वों और अन्य गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विभिन्न छठ घाटों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इसे लेकर आयोजन समितियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
Source link