Delhi-NCR Weather AQI: राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण से फिलहाल राहत मिलती नजर नहीं आ रही है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, दिल्ली का ओवरऑल एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (AQI) 353 दर्ज किया गया है. यह बेहद खराब (Very Poor) श्रेणी में आता है. राजधानी के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर और भी ज्यादा गंभीर बना हुआ है. दिल्ली के 9 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI 400 के पार दर्ज किया गया है, जो गंभीर (Severe) श्रेणी में आता है.
CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, बुराड़ी क्रॉसिंग पर AQI 401, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 404 और IIT दिल्ली में 426 दर्ज किया गया है. वहीं ITO का AQI 415 और NIH नरेला का AQI 417 रहा. नॉर्थ कैंपस में 404, NSIT द्वारका में 407, NSUT जाफरपुर में 406 और पूसा में AQI 402 दर्ज किया गया है.
दिल्ली का औसत AQI 353 होने के बावजूद इन इलाकों में प्रदूषण का स्तर 400 के पार पहुंचना चिंता का विषय है. CPCB के मानकों के मुताबिक, 301 से 400 के बीच AQI बेहद खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में माना जाता है. ऐसे में राजधानी के इन इलाकों में रहने वाले लोगों को प्रदूषण के कारण स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.
NCR के दूसरे शहरों में भी प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. गाजियाबाद (497), नोएडा (469), ग्रेटर नोएडा (486), गुरुग्राम (482) और फरीदाबाद (418) में भी प्रदूषण का स्तर खतरनाक श्रेणी में दर्ज किया गया. ऐसे में दिल्ली-NCR के लोगों को प्रदूषण से फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है.
दिल्ली में सुबह की धुंध ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
राजधानी दिल्ली में रविवार (15 नवंबर) को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. सुबह के समय आसमान में बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है. हालांकि, दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने और धूप निकलने का अनुमान है. मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
मौसम के साथ-साथ राजधानी में प्रदूषण की स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है. सुबह और रात के समय धुंध और स्मॉग का असर देखने को मिल सकता है. AQI.in के पूर्वानुमान के मुताबिक, सुबह के शुरुआती घंटों में आसमान में धुंध और कुछ समय के लिए हल्की बारिश जैसी स्थिति रह सकती है. दोपहर में धूप निकलने की संभावना है, जबकि शाम होते-होते एक बार फिर धुंध और स्मॉग का असर बढ़ सकता है.
मौसम के आंकड़ों के मुताबिक, दिन में तापमान 28 डिग्री तक पहुंच सकता है. सुबह के समय आर्द्रता करीब 51 से 60 फीसदी रहने का अनुमान है. हवा की रफ्तार सामान्य रहने की संभावना है. ऐसे में मौसम में बहुत ज्यादा ठंड का अहसास फिलहाल नहीं होगा, लेकिन सुबह और रात के समय धुंध का असर बना रह सकता है.
दिल्ली में अगले कुछ दिनों के दौरान तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने का अनुमान है. 16 नवंबर को अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 18 डिग्री, जबकि 17 नवंबर को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 17 डिग्री के आसपास रह सकता है. इसके बाद रात के तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है.