भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

अगर गाय चाटती है दीवार, तो हो जाएं सावधान! दूध कम और...


बोकारो: अक्सर गायों में बार-बार दीवार चाटने की आदत देखने को मिलती है, जिसे पशुपालक सामान्य व्यवहार समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन ये समस्या गायों के शरीर में सोडियम और जरूरी मिनरल्स की कमी का संकेत हो सकता है. इन पोषक तत्वों की कमी रहने से गाय की सेहत और दूध उत्पादन क्षमता पर भी गंभीर असर पड़ता है. ऐसे में बोकारो मॉडल पशु चिकित्सालय की पशु चिकित्सक डॉ. दीप्ति मिंज ने पशुपालकों को इससे जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी है.

नमक और मिनरल्स की कमी से चाटने लगती हैं दीवार

पशु चिकित्सक डॉ. दीप्ति मिंज के अनुसार, गायों में दीवार चाटने की आदत का एक प्रमुख कारण शरीर में नमक और जरूरी मिनरल्स की कमी होना है. जब गाय के भोजन माध्यम से पर्याप्त सोडियम, कैल्शियम और फॉस्फोरस नहीं मिल पाता, तो वह अपनी इस कमी को पूरा करने के लिए दीवार, मिट्टी या आसपास की दूसरी चीजों को चाटने लगती है. जहां लगातार सोडियम की कमी से हाइपोनेट्रेमिया कि समस्या हो सकती है, जिससे पशु में सुस्ती और कमजोरी देखने को मिल सकता है और पशु को खड़े होने में परेशानी होती है. ऐसे में उनके खान-पान में हरा चारा के अलावा मिनरल मिक्सर जरूर खिलाएं.

जानें गाय को कितनी मात्रा में खिलाएं नमक

डॉ. दीप्ति मिंज बताती हैं कि गाय के आहार में नमक और मिनरल मिक्सचर की मात्रा संतुलित रखना बेहद जरूरी है. एक वयस्क गाय को रोजाना लगभग 15 से 20 ग्राम नमक दिया जा सकता है. वहीं, दूध देने वाली गाय को उसकी जरूरत के अनुसार 20 से 40 ग्राम तक नमक देने की सलाह दी जाती है. हालांकि, यह मात्रा कुल आहार अनाज का दर्रा चोकर खली और मिनरल मिक्सचर में पहले से मौजूद नमक को ध्यान में रखकर तय करनी चाहिए.

पशुपालकों को इस बात का भी ध्यान रखना चाहिए कि मिनरल मिक्सचर और नमक दोनों का इस्तेमाल बिना मात्रा का हिसाब रखे न करें. जरूरत से ज्यादा नमक या मिनरल्स देने से पशु के शरीर में टॉक्सिसिटी की समस्या हो सकती है.

नमक की कमी से घट सकता है दूध उत्पादन

गाय के शरीर में नमक और जरूरी मिनरल्स की कमी होने पर उसकी सेहत पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है. इससे गाय कमजोर हो सकती है, चलने में लड़खड़ाहट आ सकती है. खासकर दूध देने वाली गायों में पोषक तत्वों का असंतुलन दूध उत्पादन में कमी का कारण बन सकता है. इसलिए पशुपालकों को गाय के आहार में हरा चारा, सूखा चारा, दाना और मिनरल मिक्सचर का संतुलन बनाए रखना चाहिए.

चूना चाटना हो सकता है नुकसानदायक

डॉ. दीप्ति मिंज के अनुसार, दीवार चाटने की आदत को हल्के में नहीं लेना चाहिए. दीवार पर लगे चूने या अन्य निर्माण सामग्री को चाटना गाय के लिए नुकसानदायक हो सकता है. पशुपालकों को गाय को दीवार चाटने से रोकना चाहिए और उसके आहार में जरूरी पोषक तत्वों की कमी को पूरा करना चाहिए. इसके लिए संतुलित मात्रा में नमक और मिनरल मिक्सचर देना जरूरी है. यदि गाय लगातार दीवार चाट रही है या तो पशु चिकित्सक से जरूर जांच कराएं.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top