Last Updated:
Chhath Puja Thekua: लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान मेदिनीनगर बाजार में ठेकुआ बनाने वाले अगरौटा की मांग काफी बढ़ गई है. लोहापट्टी बाजार में रोजाना अच्छा कारोबार हो रहा है, जिससे दुकानदारों में खुशी है. आइये जानते हैं यहां के दुकानदारों से.
पलामू: हिंदू धर्म में मनाए जाने वाले हर पर्व की अपनी अलग मान्यता, परंपरा और विशेषता होती है. इन्हीं में से एक लोक आस्था का महापर्व छठ है. छठ पूजा में कई पारंपरिक चीजों की डिमांड बढ़ जाती है. मेदिनीनगर शहर के बाजारों में सुबह से ही खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है. व्रती और उनके परिजन सूप, दौरा, कपड़े और पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं. इस दौरान छठ पूजा के सबसे खास प्रसाद ठेकुआ को तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले अगरौटा की मांग भी बढ़ गई है.
ठेकुआ बनाने में खास है अगरौटा की भूमिका
झारखंड और बिहार में छठ महापर्व बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है. इस त्योहार में पूरा परिवार एकजुट होकर पूजा की तैयारियों में जुट जाता है. घर की महिलाएं और बच्चे मिलकर गेहूं के आटे, गुड़ और घी से पारंपरिक प्रसाद ठेकुआ तैयार करते हैं. ठेकुआ छठ पूजा के प्रमुख प्रसादों में शामिल है. इसे खास आकार और डिजाइन देने के लिए लकड़ी के सांचे का इस्तेमाल किया जाता है, जिसे स्थानीय भाषा में अगरौटा कहा जाता है. इसी सांचे की मदद से ठेकुआ पर अलग-अलग तरह की पारंपरिक आकृतियां बनाई जाती हैं. यही वजह है कि छठ के दौरान इसकी मांग बढ़ जाती है.
लोहापट्टी बाजार में मिल रहे अलग-अलग डिजाइन के अगरौटा
मेदिनीनगर शहर के लोहापट्टी बाजार में छठ पूजा को लेकर सूप और दौरा की दुकानें सज गई हैं. इन दुकानों पर पूजा सामग्री के साथ अगरौटा भी उपलब्ध है. दुकानदार राजू कुमार गुप्ता ने लोकल 18 को बताया कि छठ पूजा में अगरौटा की बिक्री में तेजी आई है. जहां की रोज़ाना लगभग दर्जनों डिमांड है. बाजार में इसकी कीमत 30 रुपये से लेकर 60 रुपये तक है. लोग अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार इसकी खरीदारी कर रहे हैं.
रोजाना 12 से 15 हजार रुपये का हो रहा कारोबार
दुकानदार राजू कुमार गुप्ता ने आगे बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार बाजार की स्थिति काफी अच्छी है. सुबह से ही ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं. वह रोजाना सुबह 6 बजे दुकान खोल देते हैं. सबसे ज्यादा मांग सूप और दौरा की है. इसके साथ ही अगरौटा की बिक्री भी अच्छी हो रही है. उन्होंने बताया कि प्रतिदिन करीब 12 से 15 हजार रुपये तक का कारोबार हो जा रहा है. छठ महापर्व को लेकर बाजार में बढ़ती चहल-पहल से कारोबारियों के चेहरे पर भी खुशी नजर आ रही है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत, दैनिक भास्कर के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से Hindi.News18.com<…