कटनीकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

आरोपी बदरुद्दीन शाह को कोलकाता से गिरफ्तार किया गया।
कटनी पुलिस ने किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम से 12 करोड़ रुपए के जेवर चुराने वाले गैंग के एक सदस्य को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने झारखंड के साहिबगंज निवासी बदरुद्दीन शाह को रविवार को जिला कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने पुलिस रिमांड पर सौंपा है।
आरोपी के पास से चोरी के जेवर बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस उससे गैंग के बाकी सदस्यों और जेवरों के बारे में पूछताछ कर रही है। जांच में सामने आया कि बदमाशों ने तिजोरी काटकर जेवर चुराए थे।
12 नवंबर को गैंग के बदमाशों ने बरगवां स्थित शोरूम की पिछली दीवार तोड़कर वारदात को अंजाम दिया था। पेचकस और पाना मुंबई से खरीदे गए थे, जबकि गैस कटर और ऑक्सीजन सिलेंडर कटनी से जुटाए गए थे।

बदमाशों ने दीवार के तोड़े गए हिस्से में पत्ते बिछाए थे, ताकि आवाज न हो।

पुलिस का स्निफर डॉग शोरूम से निकलकर पीछे लाल पहाड़ी तक पहुंचा था।

दूसरे बदमाश ने इसी छेद से सब्बल और दूसरे टूल्स पकड़ाए।
कोलकाता से गिरफ्तार कर कटनी लाई पुलिस
एडिशनल एसपी कमल मौर्य ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से आरोपी बदरुद्दीन शाह को ट्रेस किया। शनिवार को उसे कोलकाता से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर उसे कटनी लेकर आई। रविवार को जिला कोर्ट में पेश करने पर उसे पुलिस रिमांड मिल गया।
गैंग के बाकी सदस्यों और जेवरों की तलाश
पुलिस आरोपी से गैंग के दूसरे सदस्यों और चोरी किए गए जेवरों के बारे में पूछताछ कर रही है। फिलहाल उसके पास से चोरी का कोई सामान बरामद नहीं हुआ है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि 12 करोड़ रुपए के जेवर कहां छिपाए गए हैं और वारदात में कितने लोग शामिल थे।
मुंबई से खरीदे पेचकस-पाना, कटनी से जुटाए औजार
जांच में सामने आया कि गैंग ने वारदात के लिए अलग-अलग जगहों से औजार जुटाए थे। पेचकस और पाना मुंबई से खरीदे गए थे, जबकि गैस कटर और ऑक्सीजन सिलेंडर कटनी से लिए गए थे। वारदात के बाद पुलिस को शोरूम के पीछे लाल पहाड़ी के पास गैस कटर, ऑक्सीजन और घरेलू गैस सिलेंडर मिले थे।

गार्ड भागवत तिवारी जांच के दौरान शोरूम के बाहर ही बैठा रहा।
दीवार तोड़ने के लिए नीचे बिछाए पत्ते
गैंग ने शोरूम के पीछे की ईंट की दीवार तोड़कर करीब 1.75 फीट का छेद बनाया था। दीवार तोड़ते समय आवाज दबाने के लिए उसके नीचे पत्ते बिछाए गए थे। इसी रास्ते से आरोपी शोरूम में दाखिल हुए। शोरूम संचालक मोहन बजाज ने भी इसकी पुष्टि की थी।
32 CCTV कैमरे, फिर भी पूरी वारदात रिकॉर्ड नहीं हुई
शोरूम में 32 CCTV कैमरे लगे थे, लेकिन वारदात पूरी तरह रिकॉर्ड नहीं हो सकी। IG प्रमोद वर्मा के मुताबिक, चोरों ने पहले कैमरे बंद किए और फिर चोरी को अंजाम दिया। शुक्रवार को सामने आए फुटेज में एक आरोपी पेचकस और पाना लेकर काउंटर खोलने की कोशिश करता दिखा, जबकि दूसरा दीवार में बने छेद के बाहर से उसे औजार पकड़ा रहा था।
पीछे अंधेरा, न लाइट थी और न CCTV
शोरूम संचालक मोहन बजाज के मुताबिक, पीछे की तरफ अंधेरा था और वहां लाइट या CCTV नहीं लगा था। सरकारी जमीन होने के कारण वहां सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए जा सके थे। उन्होंने बताया कि कंपनी की तरफ से लॉकर या तिजोरी की व्यवस्था नहीं थी और सभी जेवर डिस्प्ले काउंटर में रखे थे। दिवाली के चलते शोरूम में सामान्य दिनों से ज्यादा स्टॉक रखा गया था।
………………………
यह खबर भी पढ़ें…
ज्वेलरी शोरूम से 12 करोड़ के सोने-हीरे के जेवर चोरी

कटनी के बरगवां में किसना ज्वेलर्स शोरूम की पिछली दीवार तोड़कर बदमाश अंदर घुस गए। करीब 12 करोड़ रुपए के सोने-हीरे के जेवर चोरी कर ले गए। पुलिस को लाल पहाड़ी से ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर और पेचकस समेत कई सामान मिले हैं। पुलिस ने सुरक्षा गार्ड भागवत तिवारी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। चोरों की तलाश में अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। पढे़ं पूरी खबर…
