भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

24 जिलों में एक साथ निकली ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’:मोरहाबादी से अल्बर्ट एक्का...




झारखंड के 26वें स्थापना दिवस पर रविवार को राज्यभर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ का आयोजन किया गया। रांची सहित राज्य के सभी 24 जिलों में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर झारखंड बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देना और आम नागरिकों को स्वच्छता अभियान से जोड़ना था। रांची में दौड़ की शुरुआत मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से हुई। यहां से प्रतिभागियों ने अल्बर्ट एक्का चौक तक दौड़ लगायी। इस दौरान लोगों ने स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जतायी। मंत्रियों और सांसद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया रांची में आयोजित कार्यक्रम को मंत्री राधाकृष्ण किशोर, संजय प्रसाद यादव, योगेंद्र प्रसाद, राज्यसभा सांसद महुआ माजी और रांची विधायक सीपी सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। स्वच्छता को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाकर ही स्वच्छ और सुंदर झारखंड का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम में युवाओं और आम नागरिकों की भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया गया। चडरी तालाब छठ घाट पर किया श्रमदान दौड़ के साथ स्वच्छता का संदेश देने के लिए चडरी तालाब स्थित छठ घाट पर सफाई अभियान चलाया गया। इसमें मंत्रियों और राज्यसभा सांसद ने स्वयं भाग लेकर श्रमदान किया। इस दौरान लोगों को तालाब, जलस्रोतों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि तालाब और अन्य जलस्रोत प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना सभी की जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने और जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने के लिए नागरिकों को आगे आना चाहिए। पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को किया सम्मानित रन फॉर क्लीनलीनेस में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। दौड़ पूरी होने के बाद पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में कुंदन महतो ने प्रथम, विवेकानंद ने द्वितीय और विमल उरांव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में पूजा सिंह प्रथम, ममता कुमारी द्वितीय और सावित्री कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। स्थापना दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से राज्य के सभी 24 जिलों में एक साथ स्वच्छता का संदेश दिया गया। साथ ही नागरिकों ने स्वच्छ झारखंड, स्वस्थ झारखंड और सुंदर झारखंड के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top