जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPOs) की हत्या के मामले पर अब कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने आ गई है. दरअसल जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (JKPCC) के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने दावा किया है कि दोनों एसपीओ शिकार पर गए थे और लौटते समय सेना ने उन्हें आतंकवादी समझकर उन पर गोली चला दी. कर्रा ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने और हत्या के पीछे सभी पहलुओं की पड़ताल करने की मांग की है. वहीं, जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी विधायक सुनील शर्मा ने कांग्रेस के इस दावे को भ्रामक बताते हुए तीखा पलटवार किया है.
तारिक कर्रा ने कहा कि उन्हें कांग्रेस के जिला अध्यक्ष से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों एसपीओ 11 नवंबर को किश्तवाड़ के दच्छन इलाके में शिकार के लिए गए थे. इस दौरान वे दो आर्मी पिकेट पार करके मरवान इलाके में चले गए. कर्रा के मुताबिक, वापसी के समय सेना के जवानों ने उन्हें सिविल कपड़ों में देखा और आतंकवादी समझकर उन पर गोली चला दी.
कर्रा ने कहा कि BJP इस घटना के लिए आतंकवादियों को जिम्मेदार बता रही है, लेकिन मामले की जांच सिर्फ आतंकवाद के एंगल से नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा, ‘इन हत्याओं की जांच दूसरे पहलुओं से भी होनी चाहिए.’ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए उचित जांच जरूरी है.
‘शहीदों का अपमान कर रही कांग्रेस’
तारिक कर्रा के बयान पर बीजेपी विधायक और जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आतंकवादियों से ध्यान हटाने और सुरक्षा बलों पर दोष मढ़ने के लिए भ्रामक जानकारी फैला रही है.
सुनील शर्मा ने कर्रा के इस दावे को खारिज किया कि दोनों एसपीओ शिकार पर गए थे. उनका कहना है कि SPOs रशपाल कुमार और बाबी चंद ड्यूटी पर थे और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के साथ जुड़े हुए थे. वे धरना-मरवाह स्थित सेना की एक पोस्ट पर तैनात जवानों की जगह ड्यूटी संभालने जा रहे थे.
शर्मा ने कहा कि दोनों को शिकार पर गया हुआ बताना उनके बलिदान और शोकाकुल परिवारों का अपमान है. उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने दोनों SPOs की राइफलें, मैगजीन और गोलियां भी अपने साथ ले ली थीं.
30 लाख रुपये का इनाम, तीन आतंकियों के पोस्टर जारी
सुनील शर्मा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इस मामले में तीन वांछित आतंकवादियों के पोस्टर जारी किए हैं और उन पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस लोगों से यह विश्वास करने को कह रही है कि सेना ने अपने ही पुलिसकर्मियों को मार दिया और फिर उनकी राइफलें लेकर चली गई?
सुनील शर्मा ने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि 14 नवंबर को तारिक कर्रा ने इसी घटना का जिक्र आतंकवाद के सबूत के तौर पर किया था, जबकि अगले ही दिन उन्होंने सेना पर गोली चलाने का आरोप लगा दिया.
शर्मा ने कहा कि कर्रा खुद स्वीकार कर रहे हैं कि उनका बयान दावों और मिली हुई रिपोर्टों पर आधारित है, इसके बावजूद उन्होंने मीडिया के सामने सेना पर गंभीर आरोप लगा दिए. उन्होंने इसे गैर-जिम्मेदाराना राजनीति बताते हुए कहा कि इससे पाकिस्तान के दुष्प्रचार को मदद मिल सकती है और सुरक्षा बलों की छवि को नुकसान पहुंच सकता है.