![]()
पलामू पुलिस ने नशे के कारोबार और लकड़ी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 80 लाख रुपए का सामान जब्त किया है। इसमें 70 लाख रुपए की 495 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 लाख रुपए मूल्य की खैर की लकड़ी से लदा ट्रक शामिल है। पुलिस ने दोनों मामलों में एक-एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ब्राउन शुगर बिहार के सासाराम से लाई जा रही थी, जबकि खैर की लकड़ी सतबरवा के जंगल से काटकर हरियाणा भेजी जा रही थी। दोनों कार्रवाई एनएच-39 पर वाहन जांच के दौरान की गयी। एसपी कपिल चौधरी को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। सासाराम से कार में ला रहा था 70 लाख की ब्राउन शुगर एसपी को सूचना मिली थी कि बिहार के सासाराम से सफेद डिजायर कार में ब्राउन शुगर लेकर एक तस्कर मेदिनीनगर के रास्ते लातेहार जा रहा है। इसके बाद सदर थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने दुबियाखाड़ टोल प्लाजा के पास वाहन जांच शुरू की। संदिग्ध कार की तलाशी लेने पर 495 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ मिला। पुलिस ने इसकी कीमत करीब 70 लाख रुपए आंकी है। मौके से लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र निवासी 28 वर्षीय रवि रजक को गिरफ्तार किया गया। कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किये गये हैं। इस मामले में सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। सतबरवा के जंगल से काटी लकड़ी हरियाणा भेजी जा रही थी दूसरी कार्रवाई पुलिस और वन विभाग की सूचना पर जोरकट टोल प्लाजा के पास की गयी। जानकारी मिली थी कि सतबरवा के जंगल से खैर की लकड़ी काटकर ट्रक से हरियाणा भेजी जा रही है। एनएच-39 पर जांच के दौरान 14 चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली गयी। उसमें खैर की लकड़ी के बोटे लदे मिले। पुलिस ने लकड़ी की कीमत करीब 10 लाख रुपए बतायी है। मौके से राजस्थान के अलवर जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र के झिवाणा निवासी 25 वर्षीय शमिम को गिरफ्तार किया गया। लकड़ी लदे ट्रक को भी जब्त कर लिया गया। तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी पुलिस पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। ब्राउन शुगर की आपूर्ति और खैर की लकड़ी की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटायी जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन कारोबारों में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। दोनों मामलों में जब्त सामान की कुल कीमत करीब 80 लाख रुपए बतायी गयी है।
Source link