भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

न मचान बनवाया, न बांस-रस्सी पर किया खर्च, मक्के की फसल के...


बोकारो. बोकारो के युवा किसान नंदलाल ने खेती में गजब का देसी जुगाड़ लगाया है. 70 डिसमिल जमीन पर लौकी की खेती के लिए उन्होंने बांस और रस्सी का मचान बनाने के बजाय मक्के की खड़ी फसल को ही सहारा बना दिया. इससे मचान बनाने का खर्च बच रहा है और एक ही खेत में मक्का के साथ लौकी की फसल तैयार कर शानदार आमदनी कमा रहे हैं. किसान नंदलाल बताते हैं कि उन्होंने आसपास के किसानों के खेती करने के तरीकों को देखकर और अपने अनुभव से यह आइडिया विकसित किया.

मक्के की फसल को ही बना दिया लौकी का मचान
खेत में पहले से मक्के की फसल लगी थी. ऐसे में उन्होंने मक्के के पौधों का इस्तेमाल लौकी की बेलों को सहारा देने के लिए किया. जहां जरूरत पड़ी, वहां बीच-बीच में लकड़ी का सहारा भी दिया. इस तरह बिना पारंपरिक मचान पर ज्यादा खर्च किए लौकी की खेती से बेहतर उत्पादन और कमाई कर रहे हैं.

70 दिन पहले की थी रोपाई, 12 हजार रुपये आई लागत
नंदलाल ने बताया कि उन्होंने सितंबर में लौकी की रोपाई की थी. उनके मुताबिक, रोपाई के लगभग 70 दिनों के अंदर लौकी की तुड़ाई शुरू हो जाती है. इस खेती में अब तक करीब 12 हजार रुपये की लागत आई है. किसान बताते हैं कि एक दिन छोड़कर लौकी की तुड़ाई की जाती है. ऐसे में पौधे पर अधिक वजन का भार नहीं पड़ता और पूरे सीजन में लगभग 50 क्विंटल तक उत्पादन मिल जाता है.

त्योहारों के समय 45 रुपये किलो तक पहुंचा लौकी का भाव
नंदलाल के अनुसार, बाजार में लौकी की कीमत मांग के हिसाब से बदलती रहती है. त्योहारों के मौके पर लौकी की मांग बढ़ने से उन्हें 30 से 45 रुपये प्रति किलो तक भाव मिल रहा है. वहीं, सामान्य दिनों में इसकी कीमत 25 रुपये प्रति किलो के आसपास रहती है. ऐसे में 25 रुपये के औसत भाव से 50 क्विंटल लौकी बेचने पर करीब 1 लाख 25 हजार रुपये की आमदनी हो सकती है. इसमें से 12 हजार रुपये की लागत घटाने के बाद पूरे सीजन में करीब 1 लाख 13 हजार रुपये की कमाई हो सकती है.

एक ही खेत से मक्का और लौकी की दोहरी कमाई
इस खेती की सबसे बड़ी खासियत यह है कि नंदलाल को एक ही खेत से दो फसलों का लाभ मिल रहा है. पहले मक्के की फसल से आमदनी हुई और उसी खेत में लौकी की पैदावार हो रही है. किसान के अनुसार, पारंपरिक तरीके से मचान बनाने में बांस, बल्ली और रस्सी की जरूरत पड़ती है, जिस पर अतिरिक्त खर्च और मेहनत करनी होती है. लेकिन मक्के के पौधों को सहारे के रूप में इस्तेमाल करने से इन चीजों की जरूरत काफी कम हो जाती है.

नंदलाल बताते हैं कि लौकी की बेल जब जमीन को छूती है, तो वहां भी जड़ें विकसित हो सकती हैं. इससे पौधे को पोषक तत्व मिलने में मदद मिलती है. साथ ही, मक्के के पौधे बेल को सहारा देते हैं और फसल को फैलने के लिए जगह मिलती है.

खेती के साथ पढ़ाई भी कर रहे हैं नंदलाल
नंदलाल सिर्फ खेती ही नहीं करते, बल्कि अपनी पढ़ाई भी जारी रखे हुए हैं. फिलहाल वह गणित विषय लेकर स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं. वह बताते हैं कि दिन का समय खेती के कामों में बीतता है, जबकि शाम और रात में पढ़ाई के लिए समय निकालते हैं. उनके अनुसार, अगर समय का सही प्रबंधन किया जाए तो पढ़ाई के साथ खेती भी की जा सकती है और दोनों काम संभाले जा सकते हैं.

इन कीटों से रहता है फसल खराब होने का खतरा
लौकी की खेती में फल मक्खी समेत कुछ कीट किसानों के लिए परेशानी बन सकते हैं. नंदलाल बताते हैं कि इन कीटों के कारण लौकी के फल खराब होने का खतरा रहता है. इसलिए फसल की नियमित निगरानी करना जरूरी है. इन छोटी-छोटी लेकिन जरूरी बातों का ख्याल रखेंगे तो आप इस फसल से अच्छी कमाई कर सकते हैं.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top