Last Updated:
Mustard Cultivation Tips: पलामू में कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को वैज्ञानिक तरीके से सरसों की खेती करने की सलाह दी है. सही समय पर सिंचाई, यूरिया का इस्तेमाल और लाही कीट के बचाव से पैदावार बढ़ सकती है. इन छोटी बातों का ध्यान, बड़े फायदे करा सकता है.
पलामू. सरसों की खेती किसानों के लिए मुनाफे का बेहतर विकल्प है. जहां की अच्छी पैदावार पाने के लिए किसानों को वैज्ञानिक तकनीक के अनुसार खेती करना जरूरी है. खासकर सिंचाई, उर्वरक और कीट प्रबंधन पर ध्यान देकर किसान कम लागत में बेहतर उत्पादन पा सकते हैं. कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, सरसों की फसल में जरूरत के मुताबिक ही सिंचाई करनी चाहिए. अनावश्यक रूप से अधिक पटवन करने से फसल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. फूल आने और दाना बनने की अवस्था में फसल की जरूरत के अनुसार सिंचाई करना लाभदायक होता है.
फूल आने पर करें यूरिया का इस्तेमाल
सरसों की फसल में सही समय पर खाद का इस्तेमाल करने से पौधों का विकास बेहतर होता है. कृषि विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि अगर बुवाई के समय किसान यूरिया का पूरा इस्तेमाल नहीं कर पाए हैं, तो फसल में फूल आने की अवस्था में जरूरत के अनुसार यूरिया का छिड़काव या भुरकाव कर सकते हैं. इससे पौधों को नाइट्रोजन की उपलब्धता होती है और उनकी बढ़वार में मदद मिलती है.
लाही कीट के हमले से ऐसे करें बचाव
उन्होंने कहा कि सरसों की फसल में लाही यानी एफिड कीट का हमला किसानों के लिए बड़ी समस्या बन सकता है. यह कीट पौधों का रस चूसकर उनकी बढ़वार और उत्पादन को प्रभावित करता है. इसके नियंत्रण के लिए कृषि विशेषज्ञों की सलाह से इमिडाक्लोप्रिड का इस्तेमाल किया जा सकता है. बताई गई मात्रा के अनुसार एक मिलीलीटर दवा प्रति लीटर पानी में मिलाकर छिड़काव किया जाता है. हालांकि, दवा का प्रयोग करने से पहले उसके लेबल पर दिए निर्देशों और फसल के लिए स्वीकृत मात्रा की जांच जरूर करें.
19:19:19 उर्वरक से दानों का बेहतर लाभ
उन्होंने कहा कि हाइब्रिड सरसों की खेती करने वाले किसान फसल में पोषक तत्वों की पूर्ति के लिए 19:19:19 वाटर सॉल्युबल उर्वरक का इस्तेमाल कर सकते हैं. विशेषज्ञों के अनुसार, चार ग्राम उर्वरक प्रति लीटर पानी में घोलकर फसल पर छिड़काव किया जा सकता है, बशर्ते यह मात्रा उत्पाद के लेबल और फसल की अवस्था के अनुरूप हो. इससे पौधों को नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश मिलता है, जो फसल के विकास और दानों के भराव में सहायक होता है.
स्प्रे के साथ सिलिकॉन चिप्स का करें इस्तेमाल
आगे कहा कि फसल में कीटनाशक या पोषक तत्वों का छिड़काव करते समय सिलिकॉन आधारित स्टिकर का इस्तेमाल भी उपयोगी हो सकता है. इससे दवा के घोल को पत्तियों पर फैलने और टिकने में मदद मिलती है. हालांकि, इसका इस्तेमाल संबंधित उत्पाद के निर्देशों के अनुसार ही करना चाहिए. इसके अलावा, फसल की जरूरत और मिट्टी की जांच के आधार पर किसान 2.5 किलो यूरिया, 1.5 किलो डीएपी और एक किलो पोटाश का उपयोग कर सकते हैं. सही समय पर संतुलित खाद, सीमित सिंचाई और कीट प्रबंधन अपनाकर किसान सरसों की खेती से बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…