![]()
बंगाल की खाड़ी में तेजी से शक्तिशाली हो रहा चक्रवाती तूफान झारखंड के मौसम को प्रभावित करेगा। इसके प्रभाव से राज्य में 19 से 22 नवंबर तक बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 19 नवंबर से आसमान में बादल छाने के साथ राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। वहीं, 20 और 21 नवंबर को दक्षिणी झारखंड के जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है। मौसम में इस बदलाव का सबसे अधिक असर कोल्हान और आसपास के जिलों में देखने को मिल सकता है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान में तब्दील हो रहा है। इसके प्रभाव से अगले कुछ दिनों में राज्य के मौसम में बदलाव के संकेत हैं। 17 नवंबर तक तूफान हो जाएगा अति प्रचंड भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी और इससे सटे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा डिप्रेशन पिछले छह घंटों में छह किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है। इसके 17 नवंबर की शाम तक प्रचंड चक्रवाती तूफान और इसके बाद अति प्रचंड चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 नवंबर की दोपहर तक यह आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और तूनी के बीच तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की अधिकतम निरंतर गति 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की रफ्तार 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इस शक्तिशाली मौसमी सिस्टम का असर झारखंड के दक्षिणी हिस्सों में भी पड़ने का अनुमान है। कोल्हान के जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 18 नवंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाये रहेंगे। सुबह के समय कुछ स्थानों पर कोहरा या धुंध भी रह सकती है। 19 नवंबर से मौसम में बदलाव शुरू होगा। इस दिन दक्षिणी झारखंड में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है। 20 नवंबर को दक्षिणी जिलों, विशेषकर पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में भारी बारिश हो सकती है। राज्य के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश अथवा मेघ गर्जन की भी संभावना जतायी गयी है। मौसम विभाग ने दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। 21 नवंबर को भी कई स्थानों पर बारिश जारी रहने का अनुमान है। इस दिन मध्य झारखंड और इससे सटे पश्चिमी हिस्सों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 22 नवंबर को भी बूंदाबांदी के आसार चक्रवाती तूफान के प्रभाव से 22 नवंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, इस दिन मौसम विभाग ने किसी तरह की विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। बारिश और बादलों के कारण कुछ इलाकों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। वहीं, तापमान को लेकर फिलहाल राहत की बात है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अधिकांश स्थानों पर तापमान सामान्य के आसपास बना रह सकता है। कुल मिलाकर 19 से 22 नवंबर तक झारखंड में चक्रवाती तूफान का असर देखने को मिलेगा। खासकर 20 और 21 नवंबर को दक्षिणी जिलों में रहने वाले लोगों को भारी बारिश को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।
Source link