![]()
देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन-2027 में शामिल होने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए राहत की खबर है। आधार कार्ड और 10वीं की मार्कशीट में नाम या सरनेम की स्पेलिंग में अंतर होने पर अब स्टूडेंट्स के आवेदन रद्द होने की आशंका नहीं रहेगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने स्पष्ट किया है कि आवेदन फॉर्म में नाम 10वीं के सर्टिफिकेट या मार्कशीट के अनुसार ही दर्ज करना होगा। आधार कार्ड में नाम अलग होने मात्र से अभ्यर्थी की उम्मीदवारी प्रभावित नहीं होगी। आवेदन प्रक्रिया में पहचान संबंधी दिक्कतों और तकनीकी उलझनों को दूर करने के लिए एनटीए द्वारा नोटिफिकेशन जारी किया गया है। इनमें आधार कार्ड, डिजीलॉकर ई-केवाईसी, अपार आईडी, आवेदन में गलत जानकारी को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बताते चलें कि अब तक 9,05,144 छात्रों ने आवेदन जमा किए गए हैं। इनमें 7,04,316 छात्रों द्वारा शुल्क जमा किए गए हैं। वह सबकुछ जो आपके लिए जानना जरूरी है 27 से 29 तक करेक्शन विंडो खुलेगी: जेईई मेन-2027 के पहले सत्र की परीक्षा जनवरी में होगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन 24 अक्टूबर से शुरू हुआ था। बिना विलंब शुल्क आवेदन जमा करने और परीक्षा शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 22 नवंबर रात 11:50 बजे तक है। इसके बाद 23 से 26 नवंबर तक 500 रुपए विलंब शुल्क देकर फॉर्म जमा कर सकेंगे। आवेदन में निर्धारित विवरणों में सुधार के लिए 27 से 29 नवंबर तक करेक्शन विंडो खुलेगी। डिजिलॉकर की री-केवाईसी अनिवार्य
एनटीए द्वारा पहचान सत्यापन को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले डिजिलॉकर की री-केवाईसी पूरी करनी होगी, ताकि उनकी नवीनतम फोटो प्राप्त की जा सके। वहीं अपार आईडी अनिवार्य नहीं है। छात्रों को डिजिलॉकर में अपना ही आधार, पैन या ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी पहचान विवरण इस्तेमाल करना होगा। रजिस्ट्रेशन-क्रमांक नहीं है तो भी भर सकेंगे फॉर्म: सत्र 2026-27 में 12वीं की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को एनटीए ने राहत दी है। आवेदन के समय यदि उनका रजिस्ट्रेशन नंबर, एनरोलमेंट नंबर या रोल नंबर उपलब्ध नहीं है तो वे नॉट अवेलेबल विकल्प चुन सकते हैं। वहीं कैटेगरी सर्टिफिकेट को आवेदन के साथ अपलोड करना अनिवार्य नहीं है। अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र संख्या, जारी होने की तारीख और जारी करने वाले प्राधिकारी का विवरण देना होगा। चार शहर चुनने का विकल्प, परीक्षा केंद्र बाद में नहीं बदलेगा: परीक्षा केंद्र के लिए अभ्यर्थी अधिकतम चार शहरों का विकल्प प्राथमिकता के क्रम में दे सकते हैं। हालांकि, ये विकल्प उनके स्थायी या वर्तमान पते वाले राज्य तक सीमित रहेंगे। कुछ मामलों में पते के आधार पर केवल एक शहर का विकल्प हो सकता है। आवेदन में विवरणों को सुधारने के लिए करेक्शन के लिए 27 से 29 नवंबर तक विंडो निर्धारित की गई है। दोनों सत्रों में परीक्षा देना जरूरी नहीं: जेईई मेन-2027 दो सत्रों में आयोजित होगा। विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार जनवरी या अप्रैल, किसी एक या दोनों सत्रों में शामिल हो सकते हैं। दोनों सत्रों में परीक्षा देने पर मेरिट और रैंक तैयार करने के लिए अभ्यर्थी का बेहतर एनटीए स्कोर माना जाएगा।
Source link