नीलांबर पीतांबरपुर. |जनजातीय गौरव दिवस पर बसौरा में राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के पास अमर शहीद जितेंद्र सिंह चेरो की आदमकद प्रतिमा का अनावरण हुआ। भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, पांकी विधायक कुशवाहा डॉ. शशिभूषण मेहता, मनिका के पूर्व विधायक हरिकृष्ण सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने पुष्प अर्पित किए। प्रतिमा का संयुक्त रूप से अनावरण किया गया। शहीद की स्मृति में बने नए स्मृति स्थल का भी लोकार्पण हुआ। पांकी विधायक ने शहीद जितेंद्र सिंह चेरो की पत्नी लीलावती कुंवर सहित अतिथियों को अंगवस्त्र और माला देकर सम्मानित किया। पांकी विधायक ने कहा कि क्षेत्र के वीर सपूतों की शहादत और योगदान को सम्मान देना उनकी प्राथमिकता है। शहीद जितेंद्र सिंह चेरो की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए विधायक मद से प्रतिमा और स्मृति स्थल का निर्माण कराया गया। शहीद जितेंद्र सिंह चेरो 25 मार्च 1991 को श्रीनगर में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए थे। अध्यक्षता जिला विधायक प्रतिनिधि सह मंडल अध्यक्ष प्रकाश मेहता ने की। संचालन रामराज सिंह चेरो ने किया। धन्यवाद ज्ञापन स्थानीय मुखिया गुड्डी देवी ने किया। मौके पर अर्जुन सिंह, सुरेंद्र विश्वकर्मा, बच्चन ठाकुर, शंखनाद सिंह, शहीद के बड़े भाई अनंत सिंह, यमुना सिंह, राजेंद्र सिंह चेरो, अजय उरांव सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
Source link