![]()
जमशेदपुर के बिष्टुपुर के गोपाल मैदान में आयोजित जनजातीय समागम ‘संवाद’ के दौरान घाटशिला के पूर्व विधायक और आजसू के संस्थापक सदस्यों में शामिल सूर्य सिंह बेसरा के साथ मारपीट हुई। घटना में बेसरा घायल हो गए। उनके सीने में चोट आई है। कार्यक्रम के मेडिकल कैंप में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) भेज दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद मैदान में कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति रही। सूचना मिलने पर बिष्टुपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर एक युवती और बेसरा के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद युवती के समर्थन में पहुंची महिलाओं ने उनके साथ मारपीट की। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। आठ महिलाओं के हमले का बेसरा ने किया दावा सूर्य सिंह बेसरा के मुताबिक, वह ‘संवाद’ कार्यक्रम में शामिल होने गोपाल मैदान पहुंचे थे। इसी दौरान करणढीह के एक परिवार के लोगों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि परिवार की करीब आठ महिलाएं थीं। बाद में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि महिला और पुरुषों के एक झुंड ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके सीने में काफी चोट आई है। हालांकि, टीएमएच में इलाज के दौरान उन्होंने मीडिया से विस्तार से बात करने से इनकार कर दिया। घटनास्थल पर मौजूद युवती और उसके साथ आई महिलाओं ने भी पूर्व विधायक पर कई गंभीर आरोप लगाए। शुरुआती जानकारी में युवती पक्ष की ओर से बेसरा पर छेड़खानी का आरोप लगाए जाने की बात सामने आई, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वीडियो वायरल, घटना को लेकर अलग-अलग दावे मारपीट के दौरान घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो को लेकर अलग-अलग तरह की बातें सामने आ रही हैं। घटना के बाद युवती के रिश्तेदार भी बिष्टुपुर थाने पहुंचे। करीब एक घंटे तक दोनों पक्षों के लोगों के बीच बातचीत हुई। इस दौरान युवती पक्ष ने मामले को पारिवारिक विवाद बताते हुए देर रात तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी। दूसरी ओर, अस्पताल में इलाज करा रहे सूर्य सिंह बेसरा की ओर से भी पुलिस को लिखित शिकायत दिए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। इस कारण घटना के पीछे की वजह और विवाद की शुरुआत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। शिकायत मिलने पर होगी आगे की कार्रवाई बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग थाने पहुंचे थे। उनके बीच बातचीत हुई। दोनों पक्षों ने इसे आपसी और पारिवारिक मामला बताया और बिना लिखित शिकायत दिए चले गए। थाना प्रभारी के अनुसार, युवती पक्ष ने भी अब तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल मारपीट की वजह स्पष्ट नहीं है। दोनों पक्षों के आरोपों और घटनास्थल के वीडियो को लेकर स्थिति पर नजर बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक, लिखित शिकायत मिलने के बाद ही मामले में आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
Source link