![]()
भारी इंजीनियरिंग निगम (एचईसी) पहले से ही आर्थिक संकट, लंबित वेतन और कार्यशील पूंजी की कमी से जूझ रहा था, लेकिन अब प्रशासक की नियुक्ति के बाद संस्थान में उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया है। 11 नवंबर को एनसीएलटी के नियुक्त प्रशासक के पदभार ग्रहण करने के बाद से एचईसी के तीनों संयंत्रों में कामकाज बंद है। यह आरोप है श्रमिक संघों का। संघ के नेता सन्नी सिंह, एसजेमुखर्जी, विमल महली व अन्य ने कहा कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के अधिकार सीज होने के बाद प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच समन्वय का अभाव है। इसका सीधा असर कंपनी के उत्पादन और आपूर्ति व्यवस्था पर पड़ रहा है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि एचईसी के पास वर्तमान में करीब 450 करोड़ रुपये के वर्कऑर्डर हैं, लेकिन उत्पादन करीब 10 प्रतिशत ही हो रहा है। उत्पादन ठप रहने से इनके निर्धारित समय पर पूरा होने पर संकट मंडराने लगा है। बताया जा रहा है कि अधिकारी और कामगार भी प्रोडक्शन को लेकर उत्साहित नहीं हैं। सभी फैक्ट्रियों में जा रहे हैं, लेकिन काम नहीं हो रहा है। हालांकि गुरुवार से काम में तेजी लाने का निर्देश जारी किया गया है। कंपनी में पिछले छह महीनों के दौरान प्रतिमाह औसतन 10 करोड़ का उत्पादन हो रहा था। इस महीने विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों को करीब 15 करोड़ के उपकरणों की आपूर्ति की जानी है। यानी 11 नवंबर से प्रतिदिन औसतन 50 लाख रुपए का उत्पादन प्रभावित हो रहा है। आठ दिन में करीब 4 करोड़ का उत्पादन प्रभावित हुआ है। लेकिन उत्पादन बंद होने से एनसीएल, दुर्गापुर स्टील प्लांट, बीएसएल बोकारो, विशाखापत्तनम स्टील प्लांट और एनएमडीसी के ऑर्डर प्रभावित हो रहे हैं । सात करोड़ रुपए के बकाया पर एचईसी के निदेशकों के अधिकार सीज किए जाने के बाद निराशा और हताशा सात दिन पूर्व 11 नवंबर को हसन ब्रदर्स के करीब 7 करोड़ रुपए के बकाया भुगतान मामले में एनसीएलटी ने एचईसी के सीएमडी केएस मूर्ति समेत पांच वरिष्ठ निदेशकों के प्रशासनिक और वित्तीय अधिकार सीज कर दिए थे। इसके बाद संस्थान में फैसलों के लिए प्रशासक की अनुमति अनिवार्य हो गई। करीब 2,200 करोड़ रुपए की देनदारी, कर्मियों के 34 माह से लंबित वेतन और 350 करोड़ के वर्कऑर्डर के बीच एचईसी का संकट और गहरा गया है। इसके बाद एचईसी प्रबंधन ने अपीलीय न्यायालय में जाने का फैसला भी लिया है। यूनियनों के साथ बैठक कर मंथन किया जा रहा है।
एचईसी को बचाना 8 श्रमिक संघों का लक्ष्य : लीलाधर सिंह एचईसी के कर्मियों का मुख्यालय का सामने प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। कर्मियों ने केंद्र सरकार को कोसते हुए अपने बकाए वेतन की मांग की और एचईसी को लगभग दिवालिया घोषित करने का निर्णय की कड़ी निंदा की। सभी ने एक स्वर में कहा कि यह प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर उग्र आंदोलन भी किया जा सकता है। हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के महामंत्री लीलाधर सिंह ने कहा कि एचईसी को बचाना आठों श्रम संघों का मुख्य लक्ष्य है। एचईसी चलेगा, तभी कामगारों की रोजी-रोटी चलेगी। उन्होंने एनसीएलटी की कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि कुछ करोड़ रुपए के लिए एचईसी को बेचने की कोशिश स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कामगारों से उत्पादन बाधित नहीं करने की अपील की। साथ ही प्रशासक द्वारा बैंक में कामगारों के वेतन के लिए भेजे गए चेक वापस लेने पर नाराजगी जताई। हरेंद्र कुमार सिंह , राम कुमार नायक, लीलाधर सिंह, प्रकाश कुमार, रमाशंकर प्रसाद, आरके शाही, चिराग बारला, गिरीश चौहान व अन्य मौजूद थे।
Source link