![]()
झारखंड के रेल यात्रियों के लिए दिसंबर का महीना बड़ी परेशानी लेकर आने वाला है। झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड के रि-मॉडलिंग कार्य ने रेलवे परिचालन का पूरा समीकरण बदल दिया है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने इस कार्य के चलते 90 ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों पर रद्द करने, 8 ट्रेनों का मार्ग बदलने और 5 ट्रेनों को आंशिक रूप से चलाने का निर्णय लिया है। इसका सीधा असर रांची, हटिया समेत झारखंड के करीब 42 ट्रेनों पर पड़ेगा। राजधानी एक्सप्रेस समेत कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव हटिया-पुणे, हटिया-दुर्ग, बेंगलुरु, एर्नाकुलम और मुंबई जाने वाली कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें निर्धारित तारीखों पर नहीं चलेंगी। इतना ही नहीं, गोवा, तिरुपति और दक्षिण भारत से बिहार आने-जाने वाली ऐसी ट्रेनें भी प्रभावित होंगी, जो झारखंड के विभिन्न स्टेशनों से होकर गुजरती हैं। वास्को-द-गामा-जसीडीह एक्सप्रेस का रद्द होना रांची और हटिया के यात्रियों को भी प्रभावित करेगा। वहीं, राजधानी एक्सप्रेस समेत कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया जाएगा। मेमू और स्थानीय रेल सेवाओं पर भी इसका असर पड़ेगा। ऐसे में दिसंबर में झारखंड से दूसरे राज्यों की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह रेलवे का बड़ा परिचालन बदलाव साबित होने वाला है।
उत्कल एक्स. और राजधानी का बदलेगा मार्ग झारखंड से होकर गुजरने वाली योगनगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस (18478) 28 नवंबर, 5 दिसंबर और 7 से 14 दिसंबर की निर्धारित तिथियों में इब, झारसुगुड़ा रोड, संबलपुर सिटी, अंगुल और कटक होकर चलेगी। वापसी में पुरी-योगनगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस (18477) 6 से 15 दिसंबर तक परिवर्तित मार्ग से चलेगी। 22805 भुवनेश्वर-आनंद विहार राजधानी एक्सप्रेस 12 दिसंबर को तथा 20818 नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी 6 और 13 दिसंबर को गोमो, आद्रा, मिदनापुर और हिजली के रास्ते परिवर्तित मार्ग से चलेंगी। 15028 गोरखपुर-संबलपुर मौर्य एक्सप्रेस 30 नवंबर, 6 दिसंबर और 8 से 15 दिसंबर की निर्धारित तिथियों में हटिया तक ही चलेगी। वापसी में 15027 संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्स. 1 दिसंबर, 7 दिसंबर और 9 से 16 दिसंबर की निर्धारित तिथियों में हटिया से ही खुलेगी।
Source link