भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

‘दुनिया भारत की ग्रोथ देख रही और वह आपदा बता रहे’: कोलंबिया...


BJP Attack Rahul Gandhi: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कोलंबिया विश्वविद्यालय में भारतीय अर्थव्यवस्था पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 18 नवंबर को आलोचना की और कहा कि वह ‘भारत विरोधी दुष्प्रचार के नेता’ हैं जो विदेशी धरती पर बार-बार देश की छवि खराब करने की कोशिश करते हैं. कई वैश्विक एजेंसियों के अनुमानों का हवाला देते हुए भाजपा ने कहा कि दुनिया भारत को सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक मानती है लेकिन गांधी भारत को एक ‘आर्थिक आपदा’ के रूप में पेश करने में जुटे हैं.

राहुल गांधी ने 17 नवंबर को कोलंबिया विश्वविद्यालय में एक अनौपचारिक संवाद कार्यक्रम के दौरान कहा कि भारत ‘आर्थिक आपदा’ की कगार पर है, जहां बड़े पैमाने पर बेरोजगारी है, विनिर्माण क्षेत्र की बुनियाद कमजोर हो गई है और शिक्षा व्यवस्था में गहरी समस्याएं हैं. उन्होंने कहा कि भारत के आर्थिक मॉडल ने ‘लगभग एक दशक पहले ही नतीजे देना बंद कर दिया था’. उन्होंने सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्ट-अप इंडिया’ जैसी पहलों की आलोचना करते हुए दावा किया कि ये देश की ‘टूटी हुई’ आर्थिक रीढ़ को फिर से मजबूत करने में विफल रही हैं.

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष उषा अग्रवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में गांधी पर विदेशी धरती पर बार- बार भारत की नकारात्मक छवि पेश करने का आरोप लगाया और कहा कि यही ‘सिलसिला बार बार दोहराया’ जा रहा है. अग्रवाल ने कहा, “जहां दुनिया भारत को सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक मानती है, वहीं राहुल गांधी विदेशी धरती पर देश की अर्थव्यवस्था को ‘आर्थिक आपदा’ के रूप में पेश करने में जुटे हैं.”

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और वैश्विक वित्तीय सेवा एवं जोखिम मूल्यांकन कंपनी ‘मूडीज’ ने वित्त वर्ष 2026-27 में भारत की आर्थिक विकास दर सात प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है जबकि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के विशेषज्ञों ने इसी अवधि में 7.1 प्रतिशत विकास का अनुमान लगाया है. अग्रवाल के अनुसार, अमेरिकी बहुराष्ट्रीय निवेश बैंकिंग और वित्तीय सेवा कंपनी ‘गोल्डमैन सैक्स’ ने वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद 2026 में भारत के वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 6.9 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान जताया है.

विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए भाजपा नेता ने कहा कि निम्न-मध्यम आय वर्ग के स्तर पर गरीबी 57.7 प्रतिशत से घटकर 16.1 प्रतिशत रह गई है जिससे लगभग 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आ गए हैं. उन्होंने कहा, “बुनियादी ढांचे और विनिर्माण से लेकर डिजिटल परिवर्तन, सेवाओं, निवेश और वित्तीय समावेशन तक, भारत हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और वैश्विक अर्थव्यवस्था में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है.”

अग्रवाल ने सवाल किया कि जब वैश्विक आर्थिक संस्थानों ने भारत की प्रगति और बदलाव को स्वीकार किया है तो राहुल गांधी बार-बार विदेशी मंचों का इस्तेमाल भारत को नकारात्मक रूप में दिखाने के लिए क्यों करते हैं? उन्होंने पूछा, “इस तरह का विमर्श खड़ा करने के पीछे आखिर मकसद क्या है?” उन्होंने कहा, “भारत ‘विकसित भारत 2047’ के दृष्टिकोण को हासिल करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है. इसकी आर्थिक प्रगति के पीछे ठोस आंकड़े हैं, वैश्विक स्तर पर इसकी साख बढ़ रही है और कोई भी राजनीतिक विमर्श 1.4 अरब भारतीयों की आकांक्षाओं को मिटा नहीं सकता.”

भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा, “राहुल गांधी भारत विरोधी दुष्प्रचार के नेता बन गए हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि हैदराबाद में ‘भारत समिट’ के दौरान गांधी ने विदेशियों से भारत के लोकतंत्र की आलोचना करवाई. उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में गांधी के आचरण पर भी सवाल उठाए. भाजपा नेता ने कहा, “भारत की प्रगति और भारतीय लोकतंत्र के प्रति राहुल गांधी की गहरी नफरत ही उन्हें हर बार विदेश जाकर भारत की बुराई करने के लिए प्रेरित करती है.” भंडारी ने ‘एक्स’ पर कहा, “राहुल गांधी भारतीय लोकतंत्र के खिलाफ बोलकर भारत के राष्ट्रीय ध्वज की भावना का अपमान करते हैं.” राहुल गांधी की तुलना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से करते हुए भंडारी ने कहा कि प्रधानमंत्री अपनी आधिकारिक विदेश यात्राओं के दौरान भारत के राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हैं.

भाजपा नेता सी.आर. केशवन ने ‘एक्स’ एक पोस्ट में राहुल गांधी पर विदेशी धरती पर “जहर उगलते हुए झूठी बातें करने” और “घटिया राजनीति” करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, “जब नया भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है, तब राहुल गांधी का भारतीय अर्थव्यवस्था को आपदा के कगार पर बताना उनकी राजनीतिक दिवालियापन, विफलता और हताशा को दर्शाता है.” उन्होंने कोलंबिया विश्ववविद्यालय में कांग्रेस नेता की टिप्पणियों को ‘मनगढ़ंत’ करार दिया और आरोप लगाया कि ये बातें जनता के जनादेश और भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करती हैं.

केशवन ने कहा, “भारत के प्रति प्रधानमंत्री मोदी और राहुल गांधी के दृष्टिकोण में बुनियादी अंतर यह है कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘क्वाड’ (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद) शिखर सम्मेलन के दौरान जब राष्ट्रीय तिरंगा जमीन पर पड़ा देखा तो उसे सम्मानपूर्वक उठा लिया था, जबकि राहुल गांधी तब तालियां बजाते और खुशी जताते हैं, जब उनके चुने हुए विदेशी प्रतिनिधि भारतीय लोकतंत्र का अपमान करते हैं.”



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top