![]()
पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र में भारत फाइनेंस कंपनी के एजेंट से लूट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से लूट में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, नकदी और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। गुरुवार को ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने यह जानकारी दी। ग्रामीण एसपी के मुताबिक, 17 नवंबर को गोगलो जाने वाले रास्ते पर मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने एजेंट से 80 हजार रुपए, एक मोबाइल फोन और एक टैबलेट लूट लिया था। मामले की जांच के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम बनाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने लूट में इस्तेमाल मोटरसाइकिल के मालिक की पहचान की। लूटे गए मोबाइल फोन की तकनीकी जांच और लोकेशन के आधार पर आरोपियों का पता लगाया गया। पुलिस के अनुसार, मोबाइल की लोकेशन घटनास्थल के आसपास मिली थी। 18 नवंबर की शाम श्यामसुंदरपुर और बहरागोड़ा थाना पुलिस की मदद से धालभूमगढ़ पुलिस ने छापा मारकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें सेनापति बेरा (करीब 40 वर्ष), निवासी सियालबिंदा, बहरागोड़ा, और नौशाद अंसारी (करीब 39 वर्ष), निवासी कपाली, वार्ड नंबर 08, सरायकेला-खरसावां शामिल हैं। नौशाद का स्थायी पता ग्राम पोखरिया, थाना बोड़ाम, पूर्वी सिंहभूम बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने लूट में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर एजेंट से लूटा गया मोबाइल फोन और टैबलेट भी मिला। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक बाइक, दो मोबाइल फोन, एक चाकू, एक फाइटर और 68,120 रुपए नकद जब्त किए। इसके अलावा, उनकी निशानदेही पर सैमसंग का एक मोबाइल फोन और एक टैबलेट मिला।
Source link