Last Updated:
आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल में जबरन घुसने की कोशिश के बाद कई सवाल ऐसे हैं, जिनके जवाब अब हर कोई जानना चाहता है. इसमें सबसे बड़ा सवाल तो यही है कि टर्मिनल में जबरन घुसने की कोशिश करने वाला शख्स कौन था? जबरन टर्मिनल में घुसने के पीछे उसके क्या इरादे थे और अब तक की पूछताछ में कौन-कौन सी बातें सामने आई हैं.
सीआईएसएफ के मुस्तैद जवानों ने नाकाम की जबरन टर्मिनल में घुसने की कोशिश.
Delhi IGI Airport News: इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल थ्री में जिस तरह एक संदिग्ध युवक ने जबरन घुसने की कोशिश की, वह न केवल एविएशन सिक्योरिटी से जुड़ी एजेंसीज, बल्कि सभी के माथे पर बल लाने के लिए काफी था. गनीमत यह रही कि सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (सीआईएसएफ) के जवानों की मुस्तैदी के चलते इस कोशिश को होते ही नाकाम कर दिया गया. लेकिन, इस घटना के बाद कई सवाल ऐसे भी हैं, जिन्होंने एयरपोर्ट से जुड़ी एजेंसीज के साथ-साथ पैसेंजर्स के मन में घर करना शुरू कर दिया है.
इसमें पहला सवाल तो यही है कि आखिरकार यह संदिग्ध शख्स कौन था? टर्मिनल में जबरन घुसने की असल वजह क्या थी? क्या यह संदिग्ध युवक कोई खास मंसूबा लेकर टर्मिनल के भीतर दाखिल हुआ था? एयरपोर्ट पुलिस और सीआईएसएफ के ज्वाइंट इंटेरोगेशन के बाद क्या-क्या बातें सामने आई हैं. हम आपको इन सवालों का जवाब बताएं, इससे पहले आपको यह बता दें कि यह शख्स फिलहाल दिल्ली एयरपोर्ट पुलिस के गिरफ्त में है. अब तक की पूछताछ में कई बातें सामने आई हैं, जिनको अब वैरिफाई किया जा रहा है.
आखिर आईजीआई एयरपोर्ट पर हुआ क्या था?
- आईजीआई एयरपोर्ट की सिक्योरिटी से जुड़े सीनियर ऑफिसर के अनुसार, यह मामला 18 नवंबर का है. दोपहर करीब 3:06 बजे एक युवक टर्मिनल थ्री के गेट नंबर तीन पर पहुंचा. इस शख्स ने एक ब्लैक टी-शर्ट और उसी रंग का लोवर पहन रखी थी. इसके पीठ पर एक लाल रंग का पिट्ठू बैग भी था.
- गेट नंबर तीन पर पहुंचते ही सीआईएसएफ के सब-इंस्पेक्टर ने इस संदिग्ध युवक से उसका एयरलाइन टिकट और आईडी प्रूफ दिखाने के लिए कहा. इसी बीच, इस संदिग्ध युवक ने सीआईएसएफ के सब-इंस्पेक्टर को जोरदार धक्का दिया और टर्मिनल के चेक-इन एरिया की तरफ तेजी से दौड़ लगा दी.
- वहीं, सीआईएसएफ के सब-इंस्पेक्टर ने पलटकर इस संदिग्ध युवक पर छपट्टा मारा. एक बार वह उनकी पकड़ में भी आ गया, लेकिन संदिग्ध युवक किसी तरह उनकी पकड़ से छूट कर एक बार फिर टर्मिनल के चेक-इन एरिया की तरफ भाग चला. अब तक सीआईएसएफ की क्विक रिएक्शन टीम (क्यूआरटी) भी एक्शन में आ गई थी.
- सेकेंडों के अंतराल में सीआईएसएफ के सब-इंस्पेक्टर और क्यूआरटी के कमांडों ने इसे चेक-इन एरिया के शुरूआती हिस्से से धर दबोचा. इसके बाद, अपनी स्पेशल ट्रेनिंग का प्रदर्शन करते हुए सीआईएसएफ के दोनों जांबाजों ने उसका हाथ ऐसा उमेठा कि इसके आगे वह कोई हरकत नहीं कर सका.
- इस पूरे घटनाक्रम के बाद सीआईएसएफ के तमाम अफसरों के दिगाम में भी वही सवाल कौंधने लगे, जो फिलहाल आपके दिमाग के चल रहे है. इन्हीं सवालों का जवाब जानने के लिए इस संदिग्ध युवक को कंट्रोल रूम ले जाया गया. जहां सीआईएसएफ के सीनियर अफसरों की मौजूदगी में पूछताछ शुरू हुई.
सीआईएसएफ की पूछताछ में कौन-कौन सी बातें आईं सामने?
सीआईएसएफ के सीनियर अफसर के अनुसार, इस संदिग्ध युवक की पहचान 26 वर्षीय कुनाल कुमार के तौर पर की गई है. आरोपी कुनाल मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है. तलाशी के दौरान, इसके बैग पैक से कुछ दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिससे उसकी पहचान की पुष्टि हुई है. इन दस्तावेजों में आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल फोन, एजुकेशनल सर्टिफिकेट, स्पोर्ट्स से जुड़े कुछ सर्टिफिकेट और कई एप्लीकेशन फार्म बरामद किए गए हैं. सिक्योरिटी एजेंसीज बरामद सभी दस्तावेजों और सर्टिफिकेट का भी वैरिफिकेशन कर रही है.
कोलकाता से वाराणसी होते हुए पहुंचा था दिल्ली एयरपोर्ट?
सीआईएसएफ के सीनियर अफसर के अनुसार, आरोपी कुनाल के कब्जे से एक बोर्डिंग पास भी बरामद किया गया है. जिससे यह पता चला है कि 17 नवंबर को उसने कोलकात से वाराणसी की फ्लाइट ली थी. उसी दिन, वाराणसी से फ्लाइट लेकर दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल थ्री पर दोपहर करीब तीन बजे पहुंचा था. अगले दिन, यानी 18 नवंबर को लगभग इसी समय वह एक बार फिर आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल थ्री पर पहुंच गया और डिपार्चर एरिया में जबरन घुसने की कोशिश करने लगा. वाराणसी से आने के बाद वह अगले 24 घंटे तक कहां रहा, इसकी जांच की जा रही है.
परिजनों ने बताया ड्रग एडिक्ट और मानसिक रूप से अस्वस्थ्य
एयरपोर्ट सिक्योरिटी से जुड़े सीनियर अफसर ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपी कुनाल के परिजनों से संपर्क किया गया. बातचीत में आरोपी के पिता ने बताया कि उनका बेटा ड्रग एडिक्ट और मानसिक तौर पर अस्वस्थ्य है. इस पूरे घटनाक्रम के बाद सीआईएसएफ ने आरोपी कुनाल को दिल्ली एयरपोर्ट पुलिस के हवाले कर दिया है. फिलहाल, आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट पुलिस के गिरफ्त में है. पुलिस अब यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी क्या वाकई मानसिक रूप से अस्वस्थ्य है या फिर कार्रवाई से बचने की सिर्फ एक कोशिश है. हालांकि अभी तक इस सवाल का जवाब अभी तक आना बाकी है कि आरोपी कुनाल आखिर किस मकसद से टर्मिनल के भीतर जबरन दाखिल होने की कोशिश कर रहा था.