![]()
धनबाद जिले के निरसा स्थित ईसीएल मुगमा एरिया की राजपुरा ओसीपी में कोयला चोरी रोकना एक सुरक्षा कर्मी को भारी पड़ गया। शुक्रवार की सुबह ड्यूटी से बाइक से लौट रहे सुरक्षाकर्मी दिलीप सतनामी के साथ एक महिला और पुरुष द्वारा कथित तौर पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दोनों ने डंडे और मुक्कों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के विरोध में आक्रोशित मजदूरों ने सुबह से ही परियोजना का उत्पादन ठप करा दिया। वहीं, बीसीकेयू ने आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने पर पूरी परियोजना बंद कराने की चेतावनी दी है। बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे दिलीप सतनामी बाइक से राजपुरा ओसीपी से लौट रहे थे। इसी दौरान दो लोगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। हमले में उनके शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि कोयला चोरी रोकने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। सुरक्षा कर्मी की पिटाई की घटना से परियोजना में काम करने वाले अन्य सुरक्षा कर्मियों और मजदूरों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में मजदूरों ने सुबह से ही राजपुरा ओसीपी का उत्पादन बंद करा दिया। मौके पर पहुंचे बीसीकेयू के कोलियरी सचिव खोखन रविदास ने प्रबंधन और पुलिस प्रशासन पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि परियोजना में कोयला तस्करों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। कोयला चोरी रोकने वाले सुरक्षा कर्मियों पर सीधे हमले किए जा रहे हैं। पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से हमलावरों के हौसले बुलंद हैं। बीसीकेयू ने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर पूरी राजपुरा परियोजना बंद कराई जाएगी।
Source link