भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

‘महाभारत तक पुराने किले का इतिहास ‘ SCO फोरम में पीएम मोदी...


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार, 20 नवंबर की शाम दिल्ली के ऐतिहासिक पुराने किले में पहले शंघाई सहयोग संगठन सभ्यता संवाद मंच (SCO Civilisation Dialouge Forum) का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने भारत आए सभी अतिथियों का स्वागत और अभिनंदन करते हुए कहा कि ऐसे समय में, जब दुनिया में युद्ध और अशांति पर चर्चा हावी है, भारत में सभ्यताओं के संवाद और सांस्कृतिक जुड़ाव पर मंथन हो रहा है. उन्होंने कहा कि वैश्विक शांति की सबसे मजबूत गारंटी सांस्कृतिक जुड़ाव है. ऐसे में इस मंच का महत्व और बढ़ जाता है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ महीने पहले ही शंघाई सहयोग संगठन ने अपनी स्थापना के 25 साल पूरे किए हैं. इन वर्षों में संगठन ने सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में सहयोग का विस्तार किया है. अब सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग इन रिश्तों को और मजबूत कर सकता है. उन्होंने भरोसा जताया कि यह मंच नए विचारों को प्रोत्साहित करेगा और सांस्कृतिक सहयोग के नए अवसर तैयार करेगा. साझा सभ्यतागत अनुभव दुनिया को करीब लाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं.

‘महाभारत काल तक जाता है पुराने किले का इतिहास’

पीएम मोदी ने कहा, ‘इस वक्त हम दिल्ली के पुराने किले में हैं. यह पुराना किला भारत की अद्भुत सांस्कृतिक धरोहर है. इसका इतिहास जितना आकर्षक है, उतनी ही फैसिनेटिंग गाथाएं भी इसका हिस्सा हैं. आपने शायद इसके बारे में सुना और पढ़ा भी होगा. विद्वानों के अनुसार, इस किले का इतिहास हजारों वर्ष पूर्व महाभारत काल तक जाता है.’

इसके साथ ही उन्होंने कहा, ‘इतने प्राचीन स्थान पर भव्य कल्चरल परफॉर्मेंसेज, वेद मंत्रों का ऊर्जा से भरा पाठ, बौद्ध दर्शन की प्रस्तुति, हनुमान जी की यात्रा… इनमें भारत की संस्कृति के दर्शन भी हो रहे थे और मानवता के लिए प्रेम और एकता का संदेश भी था. ये भाव, ये विचार, ये शिक्षाएं जितनी प्राचीन हैं, उतनी ही यूनिवर्सल भी हैं. जियो-पॉलिटिकल सीमाओं से परे, ये हमें सहज ही एक-दूसरे से जोड़ देती हैं. यही इस समिट का उद्देश्य भी है और यही समय की मांग भी है.’ पीएम मोदी जब एससीओ के मंच से ये बातें बोल रहे थे, तब सामने ही पाकिस्तान के मंत्री मुसद्दिक मलिक भी बैठे हुए थे.

सिंधु घाटी और मेसोपोटामिया के बीच होता था व्यापार

एससीओ सभ्यता संवाद मंच को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘आज दुनिया में इंटरनेशनल कोलैबोरेशन और पीपल-टू-पीपल कनेक्ट की बहुत चर्चा होती है. यह एक ऐसी अप्रोच है, जिसे हम सभी के पूर्वजों ने सदियों तक समृद्ध किया था. करीब 5 हजार साल पहले सिंधु घाटी की सभ्यता और मेसोपोटामिया के बीच व्यापारिक संबंध थे. बाद में दूसरे व्यापार मार्गों ने उस संपर्क मार्ग को नया विस्तार दे दिया. भारत, चीन, मध्य एशिया और यूरेशिया के अनेक क्षेत्र इन प्राचीन ट्रेड नेटवर्क से जुड़े. इन रास्तों पर व्यापारियों के साथ स्कॉलर्स और बौद्ध भिक्षुओं का आना-जाना होता था. इन यात्राओं से विचारों, भाषाओं और परंपराओं का आदान-प्रदान हुआ.

‘जिन रास्तों पर महीनों यात्रा करनी पड़ती थी, आज कुछ सेकंड में जुड़ सकते हैं’

पीएम मोदी ने इसके साथ ही कहा, ‘साम्राज्यों ने दुनिया के नक्शे जरूर बदले हैं, लेकिन सभ्यता संवादों ने दुनिया के विचार बदले हैं, उन्हें समृद्ध किया है. इसलिए, एससीओ सिविलाइजेशन समिट केवल एक समारोह मंच नहीं है. ये विश्व को दिशा देने का एक मंच बन सकता है.’

पीएम मोदी ने इसके साथ ही कहा, ’21वीं सदी की टेक्नॉलजी ने दुनिया में सांस्कृतिक जुड़ाव की नई संभावनाएं पैदा की हैं. जिन रास्तों पर कभी हमारे पूर्वजों को महीनों यात्रा करनी पड़ती थी, आज उन्हीं देशों के लोग कुछ ही सेकंड में एक-दूसरे से जुड़ सकते हैं. डिजिटल प्लेटफॉर्म ने ज्ञान साझा करना, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को पहले से आसान बना दिया है. एससीओ के देशों को इन नई सोसायटी का पूरा लाभ मिलना चाहिए.’

एससीओ फोरम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारे देशों के संग्रहालय, पुस्तकालय और अभिलेखागार हजारों वर्षों की अमूल्य विरासत को संजोकर रखते हैं. प्राचीन पांडुलिपियां, दुर्लभ ग्रंथ, ऐतिहासिक दस्तावेज और कलाकृतियां हमारे आपसी जुड़ाव के कई पहलुओं को उजागर करते हैं. आज, तकनीक इस विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के बेहतरीन अवसर प्रदान करती है. हम प्राचीन ग्रंथों के डिजिटलीकरण और अनुवाद के लिए मिलकर काम कर सकते हैं. संयुक्त शोध परियोजनाओं के माध्यम से, हम अपने साझा इतिहास के नए पहलुओं को सामने ला सकते हैं. इससे दुनिया के किसी भी कोने में रहने वाला युवा, किसी दूसरे देश की सांस्कृतिक विरासत को कहीं बेहतर ढंग से समझ सकेगा.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top