![]()
झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा के करीब 2000 ड्राइवर और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) की बेमियादी हड़ताल गुरुवार को भी जारी रही। हड़ताल को लेकर संघ और स्वास्थ्य मंत्री में टकराव बढ़ गया है। झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने सरकार को चेतावनी दी है कि मांगें जल्दी पूरी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि हड़ताल के कारण किसी मरीज की मौत हुई तो हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने गुरुवार को अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह और एनएचएम के एमडी शशि प्रकाश झा के साथ आपात बैठक की। इसके बाद मंत्री ने कहा कि उनकी विनम्रता को कमजोरी समझ लिया गया है। लेकिन मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ और बार-बार ब्लैकमेलिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरोप…सहमति बनी पर लागू नहीं हुई झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि 22 अक्टूबर को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव के साथ बैठक में सेवा सुरक्षा, मनमानी बर्खास्तगी पर रोक, एस्क्रो अकाउंट से वेतन भुगतान, न्यूनतम मजदूरी, ईपीएफ-ईएसआईसी व बोनस सहित छह मुद्दों पर सहमति बनी थी। एंबुलेंस खराब होने या मरीज नहीं मिलने पर वेतन नहीं काटने, बायोमेट्रिक उपस्थिति और नई बहाली से पहले एनएचएम की अनुमति पर भी सहमति बनी, लेकिन लागू नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी ने जुलाई-अगस्त के वेतन भुगतान के फर्जी दस्तावेज पेश किए। कर्मचारियों के नाम पर 1.10 से 2 लाख रुपए भुगतान दिखाया गया, जबकि खाते में पैसे नहीं पहुंचे। उन्होंने उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
Source link