![]()
जेएसएससी की सीजीएल परीक्षा पेपर लीक मामले में अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने 10 अप्राथमिकी अभियुक्तों के खिलाफ अदालत में पूरक आरोप पत्र दाखिल किया है। कांड संख्या 01/2025 के तहत दर्ज इस मामले में दाखिल 5200 पन्नों के आरोप पत्र में परीक्षा सेटिंग सि
.
आरोपियों में सहायक प्रशाखा पदाधिकारी के पद पर सफल 8 अभ्यर्थी और परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी आईसीएन के दो कर्मी शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि एजेंसी के संचालक मिथिलेश सिंह के निर्देश पर उसके कर्मियों सोमांश प्रकाश और राहुल कुमार ने प्रश्न पत्र लीक करने में अहम भूमिका निभाई थी। दोनों ने वाट्सएप के जरिए प्रश्न-उत्तर सिंडिकेट तक पहुंचाए। इसके बाद अभ्यर्थियों को गुप्त ठिकानों पर बुलाकर प्रश्न-उत्तर रटवाए गए। सीआईडी ने सोमांश और राहुल को दिल्ली से गिरफ्तार किया था।
3 अभियुक्तों पर साक्ष्य मिटाने की धारा भी सीआईडी ने देवघर के अभय कुमार तिवारी, अक्षय तिवारी व सुषमा कुमारी, धनबाद के विजय कुमार तिवारी व दीपक कुमार, सारण के आनंद कुमार सिंह और गिरिडीह के समीर कुमार समेत सात अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस, 2023 की धारा 318(4) (धोखाधड़ी), 111 (संगठित अपराध), 112 (छोटे संगठित अपराध) और झारखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम व निवारण के उपाय) अधिनियम, 2023 की धाराओं के तहत आरोप पत्र दाखिल किया है। वहीं, रोहतास के सोमांश प्रकाश, वैशाली के राहुल कुमार और बोकारो के उमेश कुमार राय के खिलाफ इन धाराओं के अलावा बीएनएस की धारा 238 (साक्ष्य मिटाने और गलत जानकारी देने) भी लगाई गई है। इस तरह तीन अभियुक्तों पर साक्ष्य मिटाने के आरोप भी हैं।
सीडीआर, चैट और बैंकिंग लेन-देन के प्रमाण
5200 पन्नों के आरोप पत्र में आरोपियों के खिलाफ जुटाए गए तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों का ब्योरा है। इनमें जब्त मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक रिपोर्ट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), संदिग्ध वाट्सएप चैट, बैंकिंग और वित्तीय लेन-देन के प्रमाण शामिल हैं। इसके अलावा गुप्त ठिकानों के सत्यापन और पूछताछ में दर्ज बयानों को भी जांच का आधार बनाया गया है। गौरतलब है कि सीआईडी इस मामले में इससे पहले 28 आरोपियों के खिलाफ ठगी की धाराओं में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इस पूरक आरोप पत्र में पहली बार पेपर लीक से जुड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। जांच एजेंसी के मुताबिक, गिरफ्तार अन्य आरोपियों के साथ फरार मुख्य सरगना मिथिलेश सिंह और उसके सहयोगियों के खिलाफ भी आगे पूरक आरोप पत्र दाखिल किए जाएंगे।
जेपीएससी: अभय तिवारी से सीआईडी जेल में करेगी 2 दिन पूछताछ जेपीएससी परीक्षा में धांधली मामले के कथित सरगना अभय कुमार तिवारी से सीआईडी अब जेल में ही दो दिन तक पूछताछ करेगी। इसके लिए जांच एजेंसी को अदालत से अनुमति मिल गई है। सीआईडी के जांच अधिकारी ने अदालत में आवेदन देकर अभय तिवारी से जेल में पूछताछ करने की अनुमति मांगी थी। कोर्ट ने आवेदन स्वीकार करते हुए दो दिन तक पूछताछ की इजाजत दे दी है।