Last Updated:
पलामू में स्ट्रॉबेरी की खेती से किसानों की कमाई बढ़ रही है. फल का 70-75 प्रतिशत हिस्सा लाल होने पर तोड़ाई करें. समय से पहले या बाद में तोड़ने से नुकसान हो सकता है. मल्चिंग और हवादार बॉक्स से फसल सुरक्षित रहती है. उद्यान विभाग के अनुदान से मुनाफा बढ़ता है.
पलामू: पलामू में स्ट्रॉबेरी की खेती किसानों के लिए बेहतर आमदनी का जरिया बनती जा रही है. इसकी खेती में सही समय पर फल की तोड़ाई करना बेहद जरूरी होता है, ताकि बाजार में फल की गुणवत्ता बनी रहे और किसानों को बेहतर कीमत मिल सके. स्ट्रॉबेरी लगाने के करीब 50 से 60 दिनों बाद पौधों में फल आना शुरू हो जाता है. किसान एक बार पौधा लगाने के बाद मार्च तक इसकी फसल ले सकते हैं. ऐसे में अगर किसान फल की सही पहचान कर समय पर तोड़ाई करें, तो उत्पादन और मुनाफे दोनों को बेहतर बनाया जा सकता है.
कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कीस्ट्रॉबेरी का फल कब तैयार है, इसकी पहचान करना काफी आसान है. जब फल का करीब 70 से 75 प्रतिशत हिस्सा लाल हो जाए और बाकी 25 से 30 प्रतिशत हिस्सा हल्का हरा दिखाई दे, तो उसे तोड़ने के लिए उपयुक्त माना जाता है. हालांकि, बाजार और परिवहन की दूरी के हिसाब से फल की परिपक्वता का ध्यान रखना जरूरी है. फल को अधिक पकने देने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है. वहीं, समय से पहले तोड़ने पर स्वाद और मिठास में कमी रह सकती है. इसलिए किसान रंग देखकर फल की तोड़ाई करें और उसे सावधानी से पौधे से अलग करें.
मल्चिंग का भी विशेष महत्व
आगे कहा कि स्ट्रॉबेरी की खेती में मल्चिंग का भी विशेष महत्व है. मल्च बिछाने से मिट्टी में नमी बनी रहती है, खरपतवार कम निकलते हैं और फूल व फल मिट्टी के सीधे संपर्क में आने से बचते हैं. इससे फल साफ, आकर्षक और बाजार में बिक्री के लिए बेहतर तैयार होते हैं. अगर फल मिट्टी के संपर्क में आ जाए, तो उसमें सड़न या खराब होने का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे में मल्च पर विकसित हुए फलों की नियमित निगरानी और सावधानीपूर्वक तोड़ाई जरूरी है.
उन्होंने यह भी कहा कि तोड़ाई के बाद स्ट्रॉबेरी को हवादार बॉक्स में पैक किया जाता है, ताकि परिवहन के दौरान फल दबने और खराब होने से बच सकें. पलामू के किसान यहां उत्पादित स्ट्रॉबेरी को बनारस, कोलकाता, पटना, रांची समेत अन्य बड़े शहरों के बाजारों तक भेजते हैं. इससे स्थानीय स्तर पर खेती करने वाले किसानों को बाजार का अवसर मिल रहा है.
एक एकड़ में 20 हजार पौधे
उन्होंने बताया कि एक एकड़ में किसान करीब 20 हजार स्ट्रॉबेरी के पौधे लगा सकते हैं. एक पौधे की कीमत लगभग 10 से 15 रुपये होती है. वहीं, अनुकूल परिस्थितियों में एक पौधे से 200 से 400 ग्राम तक फल उत्पादन का अनुमान लगाया जाता है. स्ट्रॉबेरी की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए जिला उद्यान विभाग की ओर से अनुदान की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है. पलामू में इस खेती को लेकर किसानों की रुचि बढ़ रही है और कई किसान इसे कम समय में बेहतर आमदनी देने वाली बागवानी फसल के रूप में अपना रहे हैं.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…