लोहरदगा|जिला सेवा भारती सह मारवाड़ी सम्मेलन के जिला अध्यक्ष दीपक सर्राफ के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिले के शीर्ष प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त संदीप कुमार मीणा को अंगवस्त्र एवं राष्ट्रीय गौरव अशोक स्तंभ का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा को अंगवस्त्र और भगवान शिव के आदियोगी स्वरूप का प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतिनिधिमंडल ने सभी अधिकारियों को दशहरा, दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई दी। मुलाकात के दौरान जिले की जनसमस्याओं, नागरिक सुविधाओं और शहरी यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष दीपक सर्राफ ने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों की मुस्तैदी और आपसी समन्वय के कारण जिले में सभी प्रमुख पर्व-त्योहार सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए हैं। उन्होंने शहर में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग के कुछ लोग तेज रफ्तार और लापरवाही से दोपहिया वाहन चलाते हैं। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। प्रभावी नियंत्रण के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराना आवश्यक है। इस पर अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार जांच एवं दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा, मुख्य सड़कों के किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link