![]()
भास्कर न्यूज | सरायकेला जिले में उद्यमिता विकास और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को उद्योग विभाग के कार्यालय सभागार में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला उद्योग केंद्र के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला की अध्यक्षता महाप्रबंधक रवि शंकर प्रकाश ने की। इसमें जिले के वर्तमान व भावी उद्यमियों को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं की जानकारी दी गई। कार्यशाला में सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम से संबंधित सरकारी योजनाओं, उद्यमियों के हित में उपलब्ध सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान एमएसएमई समाधान, एमएसईएफसी व ट्रेड्स पोर्टल की कार्यप्रणाली, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, इनके माध्यम से मिलने वाले लाभों के बारे में बताया गया। विशेष रूप से उद्यमियों को विलंबित भुगतान की समस्या के समाधान, कानूनी व प्रशासनिक प्रक्रिया की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि भुगतान में देरी होने पर संबंधित पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके लिए आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने से लेकर शिकायत निवारण तक की प्रक्रिया भी समझाई गई। कार्यशाला में अग्रणी जिला प्रबंधक वरुण चौधरी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेएसएलपीएस पंकज कुमार, चार्टर्ड अकाउंटेंट रितेश चौधरी, रोहित कुमार सहित जिले के विभिन्न उद्यमी उपस्थित थे। अधिकारियों ने उद्यमियों से सरकारी योजनाओं, डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने की अपील की।
Source link