![]()
वर्ष 2050 के झारखंड की तस्वीर को ध्यान में रख कर काम कर रही सरकार झारखंड विधानसभा का 26वां स्थापना दिवस रविवार को भव्य तरीके से मनाया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2050 के झारखंड की तस्वीर को ध्यान में रखकर काम कर रही है। हमारा लक्ष्य है कि आने वाली पीढ़ियों को एक विकसित, समृद्ध और सशक्त झारखंड मिले। उन्होंने कहा कि आज महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण के क्षेत्र में झारखंड की नीतियां और योजनाएं देश के दूसरे राज्यों के लिए भी मिसाल बन रही हैं और उनकी सराहना हो रही है। मुख्यमंत्री ने विधानसभा को लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर बताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक संस्थान नहीं, बल्कि इंसानियत और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। यहां आम लोगों के हितों को ध्यान में रखकर फैसले लिए जाते हैं, जिनका सीधा असर राज्य की जनता और भविष्य पर पड़ता है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और समितियों से अपनी जिम्मेदारियां पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता से निभाने का आह्वान किया। निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक सम्मान
समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मझगांव के विधायक निरल पूर्ति को वर्ष का उत्कृष्ट विधायक सम्मान दिया। इस दौरान विधानसभा के पूर्व सदस्यों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों व कर्मचारियों और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर सहित अन्य विधायक और मंत्री भी उपस्थित रहे। आंदोलनकारियों के सपनों का झारखंड बनाएंगे हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड का निर्माण पूर्वजों, आंदोलनकारियों और राज्यवासियों के लंबे संघर्ष और बलिदान से हुआ है। अलग राज्य के आंदोलन में योगदान देने वाले लोगों के सपनों को पूरा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ भविष्य की जरूरतों और विकास के नए आयामों को ध्यान में रखकर योजनाएं तैयार की जा रही हैं। सरकार की कोशिश है कि विकास का लाभ आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचे और उनके लिए बेहतर भविष्य तैयार हो।
Source link