![]()
जगद्धात्री मेला देखकर घर लौट रहे सरायकेला के सात युवकों की कार सोमवार को राजनगर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई । हादसा इतना भीषण था कि अर्टिगा कार के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार सभी युवक अंदर फंस गए। घायलों में सुमित कामिला, विवेक राणा, अभिषेक प्रमाणिक, चंदन सिंह देव, रंजन सिंह देव, रौनक दास और शिवा नायक शामिल हैं। टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। कार में बुरी तरह फंसे युवकों को बाहर निकालने के लिए कटर मशीन से वाहन को काटना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर पहुंचाया गया। छह घायलों को जमशेदपुर किया गया रेफर राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए छह युवकों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर किया गया, जबकि एक घायल का इलाज राजनगर में जारी बताया गया है। घटना की सूचना मिलने पर सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल जाना और चिकित्सकों से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने सड़क पर खड़े भारी वाहनों से होने वाले खतरे पर चिंता जताते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही से आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से मिलकर सड़क पर खड़े भारी वाहनों की व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा नियमों के सख्त पालन को लेकर ठोस पहल करने की बात कही। एंबुलेंस की कमी पर भी उठे सवाल सरायकेला विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य भी अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की जानकारी ली। उन्होंने समय पर सरकारी एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने पर नाराजगी जतायी और इसे सरकार की लापरवाही बताया। उन्होंने घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। हादसे ने एक बार फिर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और यातायात निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Source link