![]()
चतरा जिले के कान्हाचट्टी प्रखंड स्थित बन्दा सुरक्षित वन क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने छापेमारी कर अवैध कत्था निर्माण का भंडाफोड़ किया। इस दौरान करीब 40 किलो गीला कत्था जब्त किया गया। चतरा उत्तरी वन प्रमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर राजपुर वन प्रक्षेत्र में यह अभियान चलाया गया। इसमें राजपुर, चतरा सदर और लावालौंग रेंज के वनकर्मी शामिल थे। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने बन्दा सुरक्षित वन के अंदरूनी और दुर्गम इलाकों में छापेमारी की। यहां जंगल के बीच अवैध रूप से कत्था बनाने की भट्ठियां संचालित की जा रही थीं। वनकर्मियों ने भट्ठियों के साथ कत्था निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और बर्तनों को भी पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। हालांकि, घने जंगल और झाड़ियों का फायदा उठाकर अवैध कारोबार में शामिल तस्कर मौके से भाग निकले। खैर के पेड़ों को काटकर तैयार करते हैं कत्था प्रधान वनरक्षक कृष्णा महात्मा ने बताया कि तस्कर जंगलों में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई करते हैं। इसके बाद पेड़ के बीच के हिस्से को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर बड़े बर्तनों में गर्म भट्ठियों पर गलाया जाता है। इस प्रक्रिया से तैयार तरल पदार्थ को हार्ड कंप्रेसर में दबाकर कड़े बिस्कुट के आकार में बदला जाता है। यही कत्था बाजार में बिक्री के लिए भेजा जाता है। इसकी कीमत करीब दो हजार रुपए प्रति किलो बतायी गयी है। वन विभाग ने जब्त किये गये 40 किलो गीले कत्थे की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपए आंकी है। इस अवैध कारोबार में खैर के पेड़ों की कटाई से सुरक्षित वन क्षेत्र को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। वनकर्मियों ने मौके से भट्ठियों और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को नष्ट कर दिया, ताकि वहां दोबारा अवैध उत्पादन नहीं हो सके। तस्करों की पहचान कर दर्ज होगा मामला वन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षित वन क्षेत्र को नुकसान पहुंचाने, खैर के पेड़ों की अवैध कटाई करने और अवैध रूप से कत्था बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। मौके से फरार तस्करों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अज्ञात आरोपितों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। विभाग का कहना है कि वन संपदा की अवैध कटाई और तस्करी रोकने के लिए अभियान जारी रहेगा। इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय वन माफियाओं और तस्करों में हड़कंप है।
Source link