भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

UP Chunav 2027: आजम खान फिर जाएंगे जेल? मुस्लिम-दलित वोट के लिए...


लखनऊ. सपा के दिग्गज नेता आजम खान ने ऐलान किया है कि वह बहुत जल्द ही नगीना जाने वाले हैं. आजम खान ने कहा है कि वह वहां जाकर मुसलमानों को बताएंगे कि कैसे चंद्रशेखर आजाद ने आपके पीठ में खंजर घोंपा है. आजम खान का यह बयान बताता है कि उनकी नजर सिर्फ रामपुर तक सीमित नहीं है. वह मुस्लिम राजनीति में अपनी भूमिका और सपा के पारंपरिक समर्थन को लेकर भी सक्रिय होना चाहते हैं. लेकिन इस बीच 20 साल पुराने एक मामले में यूपी पुलिस की नोटिस ने सपा खेमे में हड़कंप मचा दिया है औऱ असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद समेत एनडीए खेमे में खुशी ला दी है. सवाल यह है कि यूपी चुनाव 2027 से पहले क्या आजम खान फिर से एक बार जेल जाएंगे?

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की रिहाई ने प्रदेश की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है. जेल से बाहर आए आजम खान अभी अपनी राजनीतिक सक्रियता को नए सिरे से आकार दे ही रहे थे कि रामपुर पुलिस उनके घर नोटिस लेकर पहुंच गई. मामला करीब 20 साल पुराना है. दूसरी तरफ आजम खान ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर भी हमला बोल दिया है. उन्होंने यहां तक कह दिया कि वह नगीना जाएंगे और वहां के मुसलमानों से बात करेंगे.

आजम खान की सक्रियता, क्या उन्हें जेल तक पहुंचा देगा?

आजम खान की इस सक्रियता से सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या वह जेल से बाहर रहकर सपा के लिए मुस्लिम राजनीति का नया केंद्र बनेंगे? क्या उनकी वापसी ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के लिए चुनौती बन सकती है? और क्या आजम खान की वापसी बीजेपी के लिए भी राजनीतिक मुश्किलें खड़ी कर सकती है?

पुराने और खत्म हो चुके मामले भी जिंदा होने लगे

इस पूरे घटनाक्रम में एक तरफ पुराने मुकदमों की कानूनी उलझन है तो दूसरी तरफ 2027 के चुनाव का नया सियासी गणित. आजम खान की रिहाई के महज कुछ दिनों बाद 22 नवंबर को रामपुर पुलिस उनके आवास पर पहुंची. पुलिस वर्ष 2006 के एक जमीन विवाद से जुड़े मामले में नोटिस लेकर गई थी. करीब 20 मिनट इंतजार करने के बाद पुलिस ने आजम खान के अधिवक्ता को नोटिस सौंप दिया. यह मामला रामपुर के गंज थाना क्षेत्र में तूती वाले मकबरे के पास की जमीन से जुड़ा है. वर्ष 2006 में प्रशासन ने इस जमीन से कब्जा हटवाया था. आरोप था कि जमीन अफसर अली की थी और प्रशासन ने बिना नोटिस दिए कब्जा हटवा दिया. शिकायतकर्ता अफसर खान ने इस कार्रवाई के पीछे तत्कालीन मंत्री आजम खान का इशारा होने का आरोप लगाया था.

आजम खान क्या यूपी चुनाव से पहले जेल चले जाएंगे?

इसी शिकायत के आधार पर वर्ष 2007 में मुकदमा दर्ज हुआ था. इसमें आजम खान और तत्कालीन एसडीएम नलिन सिंह अवस्थी का नाम शामिल किया गया था. शिकायतकर्ता और तत्कालीन एसडीएम दोनों का निधन हो चुका है. अब मामले में शिकायतकर्ता की ओर से जुल्फिकार पैरवी कर रहे हैं. रामपुर के एसपी अनिल कुमार सिसौदिया के मुताबिक, इस मामले की जांच इंस्पेक्टर पवन कुमार शर्मा को सौंपी गई है. पुलिस इसी सिलसिले में नोटिस लेकर आजम खान के आवास पहुंची थी.

क्या इस नोटिस से आजम खान की गिरफ्तारी हो सकती है?

फिलहाल केवल नोटिस दिए जाने से गिरफ्तारी या दोबारा जेल जाने की स्थिति पैदा नहीं होती. यह जांच और कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है. आगे पुलिस की जांच, आजम खान का पक्ष और न्यायालय की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी. इसके अलावा 23 नवंबर को 19 साल पुराने दुकान तोड़ने के मामले में भी आजम खान को नोटिस दिए जाने की खबर सामने आई. इस मामले में पहले पुलिस ने अंतिम रिपोर्ट लगा दी थी, लेकिन शिकायतकर्ता के दोबारा अदालत जाने के बाद पुनर्विवेचना का आदेश हुआ है. यानी आजम खान के सामने पुराने मामलों से जुड़ी कानूनी चुनौतियां अभी भी बनी हुई हैं.

10 दिसंबर को फिर अहम सुनवाई

आजम खान 18 नवंबर को गाजियाबाद की डासना जेल से बाहर आए थे. उन्हें इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम जमानत दी थी. दरअसल, 31 अक्टूबर को दो पैन कार्ड मामले में जमानत मिलने के बाद जब आजम खान रामपुर जेल से बाहर निकले तो ईडी ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार कर लिया था. इसके बाद उन्हें डासना जेल भेज दिया गया.

आजम खान ने ईडी की गिरफ्तारी को चुनौती दी थी. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 17 नवंबर को अंतरिम जमानत देते हुए गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए. अदालत ने कहा कि गिरफ्तारी के समय लिखित आधार उपलब्ध कराने की अनिवार्य प्रक्रिया का पालन प्रथम दृष्टया नहीं हुआ था. ईडी ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल रोक लगाने से इनकार कर दिया. मामले में अगली सुनवाई 10 दिसंबर को निर्धारित है.

नगीना जाने का किया ऐलान

आजम खान की रिहाई के बाद सबसे दिलचस्प राजनीतिक घटनाक्रम असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को लेकर सामने आया है. आजम खान ने एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में दोनों नेताओं पर निशाना साधा. उन्होंने चंद्रशेखर आजाद का नाम लिए बिना कहा कि वह मुस्लिम वोटों के सहारे सांसद बने हैं. इसके बाद आजम ने ऐलान किया कि वह नगीना जाएंगे और वहां के मुस्लिम मतदाताओं से मिलेंगे. आजम खान ने कहा कि वह वहां के लोगों से पूछेंगे कि उन्होंने हमारे सीने में खंजर उतारने के लिए ऐसा क्यों किया. उन्होंने ओवैसी और चंद्रशेखर को कुछ दिन इंतजार करने और अपनी राजनीतिक सीमाओं में रहने की सलाह भी दी.

नगीना उत्तर प्रदेश की राजनीति में इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां से चंद्रशेखर आजाद सांसद हैं. 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने नगीना सीट से जीत दर्ज की थी. मुस्लिम मतदाताओं के समर्थन ने भी उनकी जीत में भूमिका निभाई थी. अब चंद्रशेखर आजाद ने असदुद्दीन ओवैसी के साथ मिलकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है. इस गठबंधन का उद्देश्य दलित और मुस्लिम राजनीतिक आधार को एक मंच पर लाना है. आजम खान का नगीना जाने का ऐलान इसी राजनीतिक समीकरण पर सीधा सवाल है.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top