![]()
कोडरमा में कार्तिक पूर्णिमा पर विभिन्न नदियों, घाटों और जलाशयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। अहले सुबह से ही लोग पवित्र जल में स्नान के लिए पहुंचने लगे थे। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने आसपास के मंदिरों में पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कोडरमा प्रखंड के इंदरवा बस्ती स्थित झरनाकुंड धाम, चंदवारा के पूतो स्थित बैकुंठधाम दोमुहानी शिव मंदिर, जयनगर के सतडीहा स्थित उत्तरवाहिनी घाट और शिव मंदिर सहित मरकच्चो के विभिन्न जलाशयों में लोगों ने आस्था की डुबकी लगायी। महिला श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इस दौरान मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक अनुष्ठान हुए। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पूरे दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। दो नदियों के संगम पर स्थित है दोमुहानी धाम चंदवारा प्रखंड के पूतो गांव में स्थित बैकुंठधाम दोमुहानी शिव मंदिर धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। यह धाम उत्तर और दक्षिण दिशा से आने वाली दो नदियों के संगम पर स्थित है। यहां प्राचीन शिव मंदिर है। शुरुआत में मंदिर परिसर में केवल एक शिवलिंग स्थापित था। बाद में स्थानीय लोगों के प्रयास और सहयोग से मंदिर का विस्तार किया गया। वर्तमान में यहां उज्जैन के महाकाल मंदिर की तर्ज पर शिवलिंग स्थापित किया गया है। परिसर में अन्य देवी-देवताओं के मंदिर और मूर्तियां भी हैं। प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्व के कारण यह स्थान श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कार्तिक पूर्णिमा, सावन और गुरु पूर्णिमा जैसे विशेष अवसरों पर यहां बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं। ब्रह्म मुहूर्त से लगती है भक्तों की कतार दोमुहानी धाम को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। मान्यता है कि दोमुहानी नदी के पवित्र जल में स्नान करने और उसी जल से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। श्रद्धालु यह भी मानते हैं कि यहां स्नान करने से शारीरिक कष्ट और रोग दूर होते हैं तथा घर में सुख-समृद्धि आती है। विशेष पर्वों पर सुबह करीब चार बजे ब्रह्म मुहूर्त से ही यहां भक्तों का पहुंचना शुरू हो जाता है। सूर्योदय से पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी में स्नान कर जलाभिषेक करते हैं। यहां कोडरमा के अलावा बरही, चौपारण, चतरा और बिहार के रजौली सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से भी भक्त पहुंचते हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर मंदिर परिसर दिनभर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा। राजकीय पर्यटन स्थल घोषित हुआ दोमुहानी धाम दोमुहानी धाम के धार्मिक महत्व और प्राकृतिक सुंदरता को देखते हुए झारखंड सरकार ने इसे राजकीय पर्यटन स्थल घोषित किया है। इससे इस धार्मिक स्थल को पर्यटन के क्षेत्र में नयी पहचान मिलने की उम्मीद है। संगम स्थल, प्राचीन शिव मंदिर और विकसित मंदिर परिसर इसकी प्रमुख विशेषताएं हैं। स्थानीय लोगों के सहयोग से मंदिर का लगातार विस्तार हुआ है। राजकीय पर्यटन स्थल का दर्जा मिलने से यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। कार्तिक पूर्णिमा जैसे पर्वों पर यहां उमड़ने वाली भीड़ इस धाम की धार्मिक महत्ता को दर्शाती है।
Source link