Last Updated:
आंध्र प्रदेश में विशेष लक्ष्मी पूजा के नाम पर युवतियों और महिलाओं का शोषण करने के आरोपी 47 वर्षीय पुजारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.आरोपी पर पूजा के दौरान वीडियो बनाकर पीड़िताओं को ब्लैकमेल करने और अंतरराज्यीय मानव तस्करी रैकेट चलाने का भी आरोप है.
आरोपी पुजारी कम्मारा कृष्णमाचारी
बेल्लारी: आंध्र प्रदेश के श्रीशैलम में युवतियों और महिलाओं का शोषण करने के मामले में पुलिस ने 47 वर्षीय एक पुजारी को गिरफ्तार किया है. रिपोर्ट के मुताबकि, पुजारी पर लक्ष्मी पूजा कराने के नाम पर युवतियों का शोषण करने और उनकी वीडियो बनवा कर उन्हें ब्लैकमेल करने का भी आरोप है.
आरोपी की पहचान कम्मारा कृष्णमाचारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के अकाटोटापल्ली स्थित महाकाली मंदिर का पुजारी है. यह मामला बेल्लारी एपीएमसी पुलिस थाना क्षेत्र का है, जहां आरोपी कमजोर परिवारों को निशाना बनाने वाला एक नेटवर्क चला रहा था. रिपोर्ट के मुताबिक, उस पर एक अंतरराज्यीय मानव तस्करी और यौन शोषण रैकेट चलाने का आरोप है. वह ‘विशेष लक्ष्मी पूजा’ के बहाने युवतियों को अपने जाल में फंसाता था.
पुजारी युवतियों को देता था आर्थिक लाभ का लालच
शुरुआती जांच के अनुसार, पुजारी आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर परिवारों को ‘विशेष लक्ष्मी पूजा’ के जरिए बड़ा आर्थिक लाभ दिलाने का लालच देता था. उसने दावा किया था कि जिन कुंवारी लड़कियों या महिलाओं के शरीर पर कोई तिल या निशान नहीं है, अगर वे ये अनुष्ठान करें तो इससे धन-संपत्ति आएगी. इस बहाने आरोपी ने युवतियों और लड़कियों का यौन शोषण किया, उनके नग्न वीडियो बनाए और बाद में उन्हें ब्लैकमेल किया और धमकियां दीं. वह एक ऐसे गिरोह का हिस्सा था, जो अनपढ़ परिवारों को धार्मिक अनुष्ठानों के जरिए उनकी आर्थिक स्थिति बदलने का वादा करके निशाना बनाता था.
पुजारी पर है 15 से युवतियों का शोषण करने का आरोप
मामले में अब तक पुलिस की शुरुआती जांच से पता चला है कि इस गिरोह ने 15 से ज्यादा युवतियों और लड़कियों का शोषण किया है. गिरोह ने उनके परिवारों को बड़ी रकम मिलने का लालच देकर उन्हें फंसाया था.
पुजारी को पकड़ने के लिए 2 महीने चला गुप्त ऑपरेशन
पुलिस और ‘अक्का’ टीम के सदस्यों ने आम लोगों का भेष बदलकर एक ऑपरेशन चलाया. उन्होंने आरोपी का भरोसा जीता, उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और अंततः उसे आंध्र प्रदेश के श्रीशैलम से गिरफ्तार कर लिया. इस मामले में पुलिस पहले ही 15 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. जांचकर्ता इस नेटवर्क, इसमें शामिल अन्य लोगों और शोषण के दायरे का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, ‘अक्का फोर्स’ की महिलाकर्मियों ने लगभग 2 महीने तक चले एक गुप्त ऑपरेशन के दौरान इस नेटवर्क में घुसपैठ की थी. मामले में पुलिस अब आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उसके बाद पीड़ितों को धमकाने व ब्लैकमेल करने से जुड़े सबूत भी जुटा रही है. इस मामले में आगे की जांच जारी है.
पुजारी अपनी पसंद की युवतियों को करता था अप्रोच
आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की कुंवारी युवतियों को निशाना बनाता था. वह दावा करता था कि एक विशेष अनुष्ठान करने से उन्हें बहुत सारा धन मिलेगा. जांचकर्ताओं के अनुसार यह गिरोह ऐसी कुंवारी महिलाओं की तलाश करता था जिनकी लंबाई लगभग 5 फीट 6 इंच हो और जिनके शरीर पर कोई निशान न हो. वे उनसे उनके दाहिने हाथ और दाहिने पैर की अलग-अलग तस्वीरें भी मांगते थे. पुलिस ने बताया कि पीड़ितों का यौन शोषण किया गया, उनके वीडियो या फोटो बनाए गए और उन्हें ऑनलाइन अश्लील सामग्री वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया गया. इसके बाद उन्हें बेंगलुरु, अनंतपुर और विजयपुरा जैसी जगहों पर वेश्यावृत्ति में धकेल दिया गया.