लोहरदगा|डीडीसी राज महेश्वरम की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं व कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। डीडीसी ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में पेयजल, बिजली व शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। इन सुविधाओं को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को बेहतर, सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। मातृत्व स्वास्थ्य के अंतर्गत फर्स्ट एएनसी, फोर्थ एएनसी व संस्थागत प्रसव की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को संस्थागत प्रसव के लाभों के प्रति जागरूक किया जाए। कम प्रदर्शन करने वाले स्वास्थ्य केंद्रों को कार्यप्रणाली में सुधार का निर्देश दिया। निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में बच्चों के नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। उन्होंने सदर अस्पताल स्थित एसएनसीयू वार्ड की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। बेड ऑक्यूपेंसी में सुधार लाने को कहा। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों में बच्चों की स्वास्थ्य जांच शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने की बात कही। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप ने जिले में कुष्ठ रोगियों की पहचान के लिए 9 से 23 दिसंबर तक संचालित होने वाले विशेष अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में कुल 553 टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें घर-घर जाकर संभावित कुष्ठ रोगियों की पहचान करेंगी। डीडीसी ने अभियान को गंभीरता से संचालित करने का निर्देश दिया। प्रभावी तरीके से संचालन सुनिश्चित करने को कहा। सभी टीमों को सर्वेक्षण के माध्यम से घर-घर जाकर पहचान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मौके पर परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आलोका चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
Source link